हवाई यात्रियों की संख्या फिर घटी

घरेलू मार्गों पर हवाई यात्रियों की संख्या सप्ताहांत पर 50 हजार से अधिक होने के बाद सोमवार को इसमें फिर गिरावट देखी गई

Update: 2021-05-25 10:01 GMT

नई दिल्ली। घरेलू मार्गों पर हवाई यात्रियों की संख्या सप्ताहांत पर 50 हजार से अधिक होने के बाद सोमवार को इसमें फिर गिरावट देखी गई।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को 714 उड़ानों में 47,028 यात्रियों ने सफर किया। रविवार को 786 उड़ानों में 59,319 यात्री अपने गंतव्यों के लिए रवाना हुये थे जबकि शनिवार को 819 उड़ानों में 56,900 लोगों ने हवाई यात्रा की।

महामारी की दूसरी लहर के कारण 18 मई को यात्रियों की संख्या घटकर 40 हजार से नीचे रह गई थी। लेकिन इसके बाद 23 मई तक इसमें लगातार वृद्धि देखी गई।

पिछले साल 25 मार्च से दो महीने के लिए देश में नियमित यात्री उड़ानें पूरी तरह बंद रही थीं। उसके बाद 25 मई 2020 से घरेलू मार्गों पर नियमित उड़ानें दुबारा शुरू की गई थीं। इस साल फरवरी तक हर महीने यात्रियों की संख्या पिछले महीने की तुलना में बढ़ी थी जबकि इसके बाद लगातार तीन महीने इसमें गिरावट आई है।

वार्ता

Tags:    

Similar News