रूस यूक्रेन युद्ध-भारत में मिल सकती है सस्ती डीजल पेट्रोल की सौगात
रूस द्वारा यूक्रेन के साथ लड़े जा रहे युद्ध से भारतीय लोगों की पौ बारह हो सकती है;
नई दिल्ली। रूस द्वारा यूक्रेन के साथ लड़े जा रहे युद्ध से भारतीय लोगों की पौ बारह हो सकती है। अमेरिका समेत पश्चिमी देशों की ओर से रूस के ऊपर लगाई गई कड़ी आर्थिक पाबंदियों के चलते अमेरिका ने रूसी तेल के आयात पर रोक लगा दी है। ऐसे हालातों के बीच अपने कच्चे तेल एवं अन्य सामान को दुनिया भर में बेचने के लिए संघर्ष कर रहे रूस ने अपने मित्र देश भारत से संपर्क किया है। सरकार रूस पर अब डिस्काउंट प्राइस पर क्रूड आयल एवं अन्य चीजें खरीदने की तैयारियां कर रही है।
दरअसल भारत अपनी जरूरत का तकरीबन 80 प्रतिशत कच्चा तेल बाहर के देशों से आयात करता है। अभी तक इसमें से महज दो से तीन प्रतिशत खरीदारी ही भारत द्वारा रूस से की जाती रही है। लेकिन अब एक तरफ यूक्रेन संकट के बाद दुनिया में कच्चे तेल की कीमतों में तकरीबन 40 फ़ीसदी तक का इजाफा हो गया है। उधर यूक्रेन के साथ युद्ध को लेकर रूस सस्ते में कच्चा तेल बेचने को मजबूर है। भारत सरकार चाहती है कि संकट की वजह से कच्चे तेल की बढ़ी कीमतों का उसके देश में असर नहीं पड़े।
इसी रणनीति के तहत भारत अब रूस से सस्ता तेल खरीदने की योजना तैयार कर रहा है। इससे महंगाई के दौर में सरकार को तेल पर अपने खर्च को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।