ममता बनर्जी की नाराजगी

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म के आधार पर लोगोें को बांट रही है। उन्होंने कहा कि भगवा सभी में मेल नहीं खाता। हम यदि भगवा रंग का गलत इस्तेमाल करते देखेंगे तो अपनी आवाज बुलंद करेंगे।;

Update: 2018-01-07 11:43 GMT
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की नेता  ममता बनर्जी को राजनीति में  ऐन्ग्री वूमेन कहा जाने लगा है। वे जब कांग्रेस की नेता हुआ करती थीं, तब भी उनका ज्यादा समय शिकायतें करने में  ही बीतता था। अब वे पश्चिम बंगाल में  दूसरी बार मुख्यमंत्री का दायित्व संभाल रही हैं तो केन्द्र सरकार से उन्हें  शिकायत बनी रहती है। उनकी ताजा शिकायत इस बात को लेकर है कि आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की परेड में  पश्चिम बंगाल की झांकी को क्यों नहीं शामिल किया जा रहा है। उसी के साथ उन्हें असम में  राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर को लेकर भी शिकायत है कि इस रजिस्टर के माध्यम से असम में  रहने वाले बंगालियों को बाहर करने की साजिश रची जा रही है। राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) का कार्य सुप्रीम कोर्ट की निगरानी मंे हो रहा है और उसके विरोध में  बयान देने पर सुश्री ममता बनर्जी के खिलाफ असम की पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी ने गत 4 जनवरी को पश्चिम बंगाल के अहमदपुर में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की अगुवाई वाली राजग सरकार राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर के पहले मसौदे में बंगालियों के नाम हटाकर उन्हें  असम से बाहर करने की साजिश कर रही है। इस मसौदे का प्रकाशन 31 दिसम्बर 2017 को किया गया था। ममता ने कहा कि मैं केन्द्र की भाजपा सरकार को आग से नहीं खेलने की चेतावनी देती हूं। यह करीब 1.80 करोड़ लोगों को राज्य से खदेड़ने की साजिश है। गुवाहाटी पुलिस के डिप्टी कमिश्नर पुलिस रंजन भुइया के अनुसार सुश्री ममता बनर्जी के इस बयान पर गुवाहाटी उच्च न्यायालय के अधिवक्ता तैलेन्द्र नाथ दास ने शिकायत की है और पुलिस ने आईपीसी की धारा 153(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

इसके अलावा  ममता बनर्जी को यह भी शिकायत है कि आगामी गणतंत्र दिवस परेड पर पश्चिम बंगाल की एकता की थीम पर आधारित झांकी को क्यों शामिल नहीं किया जा रहा है।  ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म के आधार पर लोगोें को बांट रही है। उन्होंने कहा कि भगवा सभी में मेल नहीं खाता। हम यदि भगवा रंग का गलत इस्तेमाल करते देखेंगे तो अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

Similar News