नगर निगम दफ्तर पर व्यापारियों का हल्ला बोल- अफसरों के साथ धक्का मुक्की

इस दौरान कारोबारियों की अधिकारियों के साथ धक्का मुक्की भी हुई।

Update: 2024-09-30 12:10 GMT

मेरठ। संयुक्त व्यापार संघ के तत्वाधान में इकट्ठा होकर नगर निगम के दफ्तर पहुंचे कारोबारियों ने हल्ला बोल करते हुए निगम के अधिकारियों को खरी खोटी सुनाई और कहा कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो सड़कों पर उतरकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

सोमवार को संयुक्त व्यापार संघ के तत्वाधान में इकट्ठा हुए कारोबारी नगर निगम के दफ्तर पर हल्ला बोल करने के लिए पहुंचे। संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित किए गए हल्ला बोल प्रदर्शन के दौरान नगर निगम के दफ्तर पर हंगामा करने वाले व्यापारियों ने नगर निगम के अफसरों को खरी खोटी सुनाई।

इस दौरान महामंत्री संजय जैन ने कहा कि व्यापारी नगर निगम को भारी भरकम टैक्स देता है। इसके बाद भी व्यापारियों को सरकार की ओर से सुविधा नहीं दी जाती है।

उन्होंने कहा है कि आज महानगर की सड़क टूटी हुई पड़ी है और स्ट्रीट लाइट खराब होने की वजह से गलियों में अंधेरा पसरा है। जगह-जगह जल भराव लोगों को परेशान कर रहा है। टैक्स में नगर निगम की ओर से मनमानी की जाती है। महानगर के नाले सिल्ट से अटे पड़े हैं। निर्माणाधीन सडके पिछले काफी समय से अपने बनने की इंतजार कर रही है। लेकिन नगर निगम की ओर से अभी तक इन समस्याओं का समाधान नहीं कराया गया है। इस दौरान कारोबारियों की अधिकारियों के साथ धक्का मुक्की भी हुई।

Tags:    

Similar News