केजरीवाल का दावा- मोदी सरकार ने गरीबों का माफ किया 10 लाख करोड़
दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के मॉडल में जनता का पैसा पार्टी के अमीर दोस्तों की जेब में जाता है।;
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी के ऊपर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि केंद्र सरकार ने अपने कुछ करीबी लोगों का तकरीबन 10 लाख करोड रुपए का कर्ज माफ कर दिया है। 400 से 500 लोगों के ऊपर सरकार का सारा खजाना उड़ाया जा रहा है।
रविवार को बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि राजधानी में हो रहा विधानसभा का चुनाव केवल दिल्ली का ही नहीं बल्कि पूरे देश को बचाने का इलेक्शन है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार की ओर से अपने कुछ करीबी लोगों का 10 लाख करोड रुपए का कर्ज माफ कर दिया है।
उन्होंने दावा किया है कि एक व्यक्ति के तो केंद्र सरकार की ओर से 40000 करोड रुपए माफ किए गए हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि राजधानी दिल्ली की जनता के पास दो मॉडल है, जिनमें से पहला मॉडल केजरीवाल है, जहां जनता का पैसा जनता पर ही खर्च किया जाता है। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के मॉडल में जनता का पैसा पार्टी के अमीर दोस्तों की जेब में जाता है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने दावा किया है कि केंद्र सरकार ने पिछले 5 साल के भीतर अरबपतियों के 10 लाख करोड रुपए माफ कर दिये है, क्योंकि केंद्र सरकार द्वारा जनता का पैसा अरबपति दोस्तों को कर्ज के रूप में दिया जाता है जिसे दो-तीन साल बाद माफ कर दिया जाता है।
उन्होंने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने अलग-अलग तरीकों से तथा अलग-अलग नेताओं के शब्दों के माध्यम से यह पूरी तरह से स्पष्ट कर दिया है कि अगर राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है और मतदाता कमल का बटन दबाते हैं तो दिल्ली में दी जा रही मौजूदा सभी सुविधाएं बंद कर दी जाएगी, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी केजरीवाल मॉडल के खिलाफ है।