अवैध काम पर फिर चला बाबा का बुलडोजर, उखाड़ी आरा मशीनें

वन विभाग की टीम ने महानगर में संचालित की जा रही अवैध आरा मशीनों के खिलाफ जबर्दस्त अभियान चलाया।

Update: 2022-06-20 10:11 GMT

अवैध काम पर फिर चला बाबा का बुलडोजर, उखाड़ी आरा मशीनें

मेरठ। सरकारी नियम कानूनों को तांक पर रखते हुए संचालित की जा रही अवैध आरा मशीनों के खिलाफ अभियान चलाते हुए वन विभाग द्वारा महानगर के लिसाड़ी रोड, शौकीन गार्डन और समर गार्डन आदि स्थानों पर संचालित की जा रही चार आरा मशीनें जब्त की गई है। बुलडोजर की सहायता से उखाड़ दी गई इन आरा मशीनों को लेकर संजय वन में रखने की कार्यवाही की जा रही है। वन विभाग की अवैध आरा मशीनों के खिलाफ की गई कार्रवाई से अवैध रूप से आरा मशीन चलाकर अकूत धन संपत्ति इकट्ठा करने वालों में अब हड़कंप मच गया है।

सोमवार को वन विभाग की टीम ने महानगर में संचालित की जा रही अवैध आरा मशीनों के खिलाफ जबर्दस्त अभियान चलाया। डीएफओ राजेश कुमार की अगुवाई में चलाए गए अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने अपराहन तकरीबन 2.00 बजे महानगर के लिसाड़ी रोड, शौकीन गार्डन तथा समर गार्डन आदि इलाकों में अवैध रूप से संचालित की जा रही चार आरा मशीनों को जब्त कर लिया है। डीएफओ ने बताया है कि अवैध रूप से आरा मशीनों के संचालन की शिकायतें विभाग को पिछले कई दिनों से मिल रही थी। वन विभाग की ओर से अलग-अलग लोकेशन पर चलाई जा रही आरा मशीनों की रेकी करते हुए उन पर छापामार कार्यवाही के संबंध में पर्याप्त जानकारियां एकत्र कर ली थी।

सोमवार को सवेरे से ही वन विभाग की टीम द्वारा अवैध आरा मशीनों के खिलाफ छापामार कार्रवाई किए जाने से अन्य संचालकों में अफरा-तफरी मच गई। बुलडोजर की सहायता से जब्त की गई आरा मशीनों को उखाड़ने की कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध रूप से आरा मशीनों का संचालन कर रहे संचालकों की ओर से विरोध भी किया गया। लेकिन मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद होने के कारण उनका विरोध ज्यादा आगे तक नहीं जा सका।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि कई संचालकों को बाकायदा नोटिस देकर अवैध रूप से संचालित की जा रही आरा मशीनों को बंद करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन उन्होंने विभाग की ओर से दिए गए नोटिस का कोई संज्ञान नहीं लिया और आरा मशीनों का संचालन निरंतर जारी रखा।

Tags:    

Similar News