विधानसभा सत्र शुरू- मुख्यमंत्री के बाद विधायकों की शपथ जारी- भाजपा..

27 फरवरी तक चलने वाले विधानसभा सत्र में स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का भी चुनाव किया जाएगा।;

Update: 2025-02-24 07:00 GMT

नई दिल्ली। राजधानी में हुए चुनाव के बाद वजूद में आई भाजपा सरकार का विधानसभा सत्र शुरू हो गया है। प्रोटेम स्पीकर ने सबसे पहले मुख्यमंत्री को शपथ ग्रहण कराई। अब विधायकों द्वारा ली जा रही शपथ के बाद एलजी के संबोधन पर धन्यवाद प्रस्ताव के लिए विधानसभा में चर्चा होगी।

सोमवार को दिल्ली विधानसभा के शुरू हुए पहले सत्र में प्रोटेम स्पीकर अरविंदर सिंह लवली द्वारा सबसे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शपथ ग्रहण कराई गई है। इसके बाद विधायकों की शपथ का सिलसिला चल रहा है।

इससे पहले दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर वीके सक्सेना ने प्रोटेम स्पीकर बनाए गए अरविंदर सिंह लवली को शपथ ग्रहण कराई। 27 फरवरी तक चलने वाले विधानसभा सत्र में स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का भी चुनाव किया जाएगा।

रोहिणी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक विजेंद्र गुप्ता का दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित होना लगभग सुनिश्चित है। उधर मोहन सिंह बिष्ट को डिप्टी स्पीकर बनाए जाने की जानकारी मिल रही है।

लेफ्टिनेंट गवर्नर वीके सक्सेना आगामी 25 फरवरी को विधानसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट सदन में पेश की जाएगी।Full View

Tags:    

Similar News