जंगलराज-चेकिंग कर रही महिला दरोगा की गाड़ी से कुचलकर हत्या

इलाज के लिए अस्पताल ले जाई गई महिला दरोगा को चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया है।;

Update: 2022-07-20 06:46 GMT

नई दिल्ली। हौसला बुलंद बदमाशों ने चेकिंग के दौरान गाड़ी रोके जाने से नाराज होकर चेकिंग कर रही महिला दरोगा के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी और मौके से बेखौफ तरीके से फरार हो गए। इलाज के लिए अस्पताल ले जाई गई महिला दरोगा को चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया है। विभागीय महिला अफसर की गाड़ी से कुचलकर हत्या किए जाने के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने गाड़ी चढ़ाकर भागे आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।

बुधवार की सवेरे झारखंड के तुपुदाना ओपी की इंचार्ज संध्या टोपनो कानून एवं शांति व्यवस्था के मद्देनजर सड़क पर अपने सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक पिकअप वैन को जांच पड़ताल के लिए रुकने का इशारा किया गया। लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय सीधे चेकिंग कर रही महिला दरोगा के ऊपर चढ़ा दी और उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों तथा आसपास के लोगों द्वारा महिला दरोगा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच पड़ताल कर महिला दरोगा को मृत घोषित कर दिया।

महिला दरोगा को कुचलकर मार देने की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी समेत कई आला अफसर मौके पर पहुंचे और आरोपी की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद आज सवेरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

रांची के एसपी सिटी अंशुमन कुमार ने बताया है कि आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसकी गाड़ी भी सीज कर दी गई है। गिरफ्तार किया गया व्यक्ति गाड़ी तस्करी जैसे अवैध कामों में शामिल है। इस मामले को लेकर जांच पड़ताल की जा रही है।

Tags:    

Similar News