DM ने जनता दरबार लगाकर कराया समस्याओं का समाधान

जनता दरबार लगाकर दफ्तर पर आए आम जनमानस की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को निर्देशित कर उनका समाधान कराया।

Update: 2022-07-20 08:50 GMT

मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी ने जनता दरबार लगाकर दफ्तर पर आए आम जनमानस की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को निर्देशित कर उनका समाधान कराया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को श्रावण मास की कांवड़ यात्रा की व्यवस्था पर नजर रखते हुए आम जनमानस की समस्याओं को भी दूर करने के निर्देश दिए।

बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने दफ्तर में जनता दरबार लगाते हुए जनपद के दूरदराज इलाकों से आए लोगों की समस्याओं को सुना। जिलाधिकारी के सम्मुख जनपद वासियों द्वारा जलभराव, पेंशन, अवैध कब्जा, अतिक्रमण, साफ-सफाई तथा सड़क मरम्मत आदि की समस्याओं को प्रमुखता के साथ रखा गया। जिलाधिकारी ने फरियाद लेकर आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को जनता दरबार में मिले शिकायती पत्र सौंपते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी चंद्रभूषण अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सौंपी गई शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुए संबंधित को कृत कार्यवाही से अवगत कराया जाए। जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण हम सब की प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए, इसलिए अधिकारी आम जनमानस की समस्याओं को अपने स्तर पर सुनकर उनका प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वह आरंभ हो चुकी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा की व्यवस्था पर पैनी नजर रखते हुए आम जनमानस की समस्याओं के निस्तारण पर भी अपना ध्यान केंद्रित रखें।

उल्लेखनीय है कि शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह द्वारा प्रत्येक दिन सबसे पहले दफ्तर पर आए हुए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना जाता है। बाद में इन समस्याओं का गुणवत्ता पर निस्तारण करने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को उनके द्वारा निर्देशित किया जाता है।

Tags:    

Similar News