बाबा बर्फानी के भक्तों के लिए खुशी भरी खबर- अमरनाथ यात्रा के..

श्रीनगर। बाबा बर्फानी के दर्शनों का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की ओर से खुशी की खबर दी गई है। अमरनाथ यात्रा- 2025 के लिए आज से रजिस्ट्रेशन चालू कर दिए गए हैं।
जम्मू कश्मीर प्रशासन की ओर से अमरनाथ यात्रा- 2025 के लिए रजिस्ट्रेशन करने की शुरुआत कर दी गई है। श्रद्धालु अब अमरनाथ यात्रा पर जाने के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों तरीके से अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
जम्मू कश्मीर प्रशासन की ओर से कहा गया है कि अमरनाथ यात्रा- 2025 के लिए 220 रुपए फीस निर्धारित की गई है। ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन 600 से भी ज्यादा बैंकों में किया जा सकता है।
प्रशासन ने बताया है कि इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से आरंभ होकर 9 अगस्त रक्षाबंधन के दिन तक चलेगी। 39 दिनों तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए दो रूट निर्धारित किए गए हैं। पहलगाम अनंतनाग और बालटाल गांदरबल रूट से श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा पर जा सकेंगे।

प्रशासन ने कहा है कि लगभग 6 लाख श्रद्धालु इस बार की अमरनाथ यात्रा पर बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आ सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 5 मार्च को श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की 48वीं बैठक के दौरान अमरनाथ यात्रा 2025 की तारीखों की घोषणा की थी।
बैठक में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं देने के कई प्रस्ताव पर चर्चा की गई थी।