फैक्ट्री मालिक की गला काटकर हत्या- वैश्य समाज में भयंकर रोष

फैक्ट्री मालिक की गला काटकर हत्या- वैश्य समाज में भयंकर रोष
  • whatsapp
  • Telegram

आगरा। उत्तर प्रदेश में आगरा जिले के सिकंदरा क्षेत्र में इंड्रस्ट्रियल एरिया में फुटवियर सोल फैक्ट्री के मालिक की गला काटकर हत्या कर दी गई।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कारोबारी संजय गुप्ता की बीती रात किसी समय गला रेत कर हत्या की गयी है। आज सुबह कर्मचारी ने रक्तरंजित शव देख कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

इस बीच राष्ट्रीय वैश्य एकता परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने एक बयान में कहा कि संजय गुप्ता की हत्या से वैश्य समाज में भयंकर रोष है। हत्यारों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए नहीं तो वैश्य समाज आंदोलन की ओर अग्रसर होगा।

पुलिस के अनुसार, मृतक संजीव गुप्ता फिरोजाबाद के निवासी थे। वे रात को फैक्ट्री के ऑफिस में ही रुक गए थे। एक कर्मचारी भी फैक्ट्री में ही रुका हुआ था। सोमवार सुबह जब संजीव गुप्ता बहुत देर तक ऑफिस से बाहर नहीं निकले तो कर्मचारी ऑफिस में गया। वहां चारपाई पर संजीव गुप्ता की खून से लथपथ लाश को देख घबरा गया। उसने तत्काल ही पुलिस को सूचना दी।

मृतक ढाई साल से यहां यूपीएसआईडीसी में एसबी पोलीमर्स नाम से जूतों के सोल की फैक्ट्री चला रहे थे। रविवार रात संजीव किसी वजह से फैक्ट्री में ही रुक गए थे। सोमवार सुबह संजीव अपने ऑफिस में चारपाई पर मृत पड़े मिले। उनके गले पर एक इंच गहरा घाव था। सूचना पर पुलिस के साथ संजीव गुप्ता के परिवार के लोग भी फैक्ट्री पहुंच गए। डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय भी मौके पर पहुंचे।

संजीव के जीजा मनोज तिवारी ने बताया कि संजीव की किसी से कोई रंजिश नहीं थी, पार्टनरशिप को लेकर विवाद चल रहा था। इसे लेकर थोड़ा डिप्रेशन में थे। इसके अलावा कुछ नहीं था। फैमिली के साथ आगरा शिफ्ट होने वाले थे।

डीसीपी सूरज राय ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है। अभी फैक्ट्री में ताला लगा दिया है। साथ ही आसपास की फैक्ट्रियों में लगे सीसीटीवी की पुलिस जांच कर रही है। हालांकि पुलिस को फैक्ट्री की ओर कोई कैमरा नहीं मिला है, जिससे पता चल सके कि रात में कौन, कब और कैसे आया था। फैक्ट्री में मर्डर की सूचना पर डॉग स्क्वायड भी पहुंची और जांच-पड़ताल की।

वार्ता

epmty
epmty
Top