दो पक्षों के विवाद पर पहुंची पुलिस पर हमला-कांस्टेबल को चाकू मारे- दरोगा भी..

दो पक्षों के विवाद पर पहुंची पुलिस पर हमला-कांस्टेबल को चाकू मारे- दरोगा भी..

सहारनपुर। दो पक्षों के बीच हुए विवाद की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पर हमला करते हुए हेड कांस्टेबल के मुंह एवं गले पर चाकू से प्रहार कर दिया। उन्हें बचाने दौड़े दो दरोगाओं पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। घायल हुए दोनों दरोगाओं एवं हेड कांस्टेबल को ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जनपद सहारनपुर के थाना गागलहेड़ी के गांव कैलाशपुर में शनिवार की देर रात दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके चलते आरोप है कि तीन लड़कों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए गोलियां चलाई गई। हथियारों से निकली गोली के छर्रे तीन राहगीरों रहमान, कादिर और सलमान को लग गये।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम हमलावरों को दबोचने के लिए मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि इस दौरान गांव में पहुंची पुलिस पर एक घर के भीतर से निकले जुहेब ने पुलिस कर्मियों पर हल्ला बोल दिया और बोला की अंदर आओगे तो जान से मार दूंगा।

हेड कांस्टेबल टुकेश यादव अपनी जान की परवाह नहीं करते हुए मकान के भीतर घुस गए। आरोपी ने पहले तो हेड कांस्टेबल के साथ धक्का मुक्की की और फिर उनके मुंह एवं गले पर चाकू से प्रहार कर दिए, जिससे हेड कांस्टेबल की आंख के पास से नस कट गई।

हेड कांस्टेबल को लहूलुहान हुए देखकर दरोगा किशनवीर और प्रवेश शर्मा आरोपी को पकड़ने के लिए उसके मकान में घुस गए। आरोपी ने दोनों दरोगाओं पर भी हमला करते हुए उन्हें घायल कर दिया। बाद में अन्य पुलिस कर्मियों ने सामूहिक प्रयास कर आरोपी को दबोच लिया।

रविवार को एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया है कि पुलिसकर्मियों पर हमले के मुख्य आरोपी जुहेब को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में दो आरोपी फरार है।

घायल हुए दरोगा एवं हैड कांस्टेबल को ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल तीनों की हालत खतरे से बाहर होना बताई गई है।

epmty
epmty
Top