UP पुलिस के 50 खिलाड़ियों का WORLD POLICE &FIRE GAME 2025 में चयन

UP पुलिस के 50 खिलाड़ियों का WORLD POLICE &FIRE GAME 2025 में चयन

लखनऊ। मुख्यमंत्री उ0प्र0 योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व एवं प्रशान्त कुमार पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 के निर्देशन में प्रदेश में उच्चस्तरीय कानून-व्यवस्था कायम करने के साथ-साथ प्रदेश सरकार द्वारा खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने हेतु न केवल अवस्थापना विकास, बल्कि नीतिगत एवं विधिक स्तर पर भी जो दूरदर्शी और सकारात्मक व्यवस्थाएं लागू की गई हैं, उनके सकारात्मक परिणाम अब स्पष्टतः परिलक्षित हो रहे हैं। यह उपलब्धि “उत्तर प्रदेश पुलिस खिलाड़ियों की भर्ती एवं पदोन्नति नियमावली-2021” तथा “उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली-2022” जैसी जनोन्मुख एवं व्यवहारिक नीतियों की देन है।

यह प्रदेश को गौरवान्वित करने का विषय है कि उत्तर प्रदेश पुलिस टीम की विभिन्न खेल विधाओं यथा एथलीट, क्रासकंट्री, जूडो, स्वीमिंग, ताइक्वांडो, रेसलिंग आदि के 50 खिलाड़ियों को अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड, नई दिल्ली द्वारा दिनांक 27-06-2025 से 06-07-2025 तक बर्मिघम, (अलबामा, USA) में आयोजित होने वाले WORLD POLICE@FIRE GAME 2025 में प्रतिभाग करने हेतु चयनित किया गया है।

विदित हो कि भारतवर्ष की समस्त पुलिस इकाईयों में उत्तर प्रदेश पुलिस के सबसे बड़े दल को इस प्रतिष्ठित अंतराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का गौरव प्राप्त हो रहा है। यह प्रदेश के खेल क्षेत्र में हुई नीतिगत प्रगति और नेतृत्व की दूरदृष्टि का स्पष्ट प्रमाण है तथा यह भी प्रमाणित करता है कि हम केवल कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि खेल एवं सांस्कृतिक जगत में भी पथ-प्रदर्शक की भूमिका निभा रहे हैं।

आज हमारे खिलाड़ी न केवल अनुशासन, परिश्रम और संगठनात्मक प्रतिबद्धता का परिचय दे रहे हैं, अपितु अपने जुनून और राष्ट्रभक्ति के माध्यम से देश और विदेश में भारतवर्ष का भविष्य गढ़ रहे हैं। यह समर्पण और जज्बा निःसंदेह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणाश्रोत और खेलोपयोगी विरासत सिद्ध होगा।

पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस के इन वीर क्रीड़ायोद्धाओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुये कहा गया कि ‘‘ये क्रीड़ायोद्धा उत्तर प्रदेश ही नहीं, अपितु सम्पूर्ण भारतवर्ष का नाम विश्व मंच पर आलोकित करेंगें‘‘।

Next Story
epmty
epmty
Top