मुर्गी फार्म संचालक दंपती की रहस्यमय मौत के साथ 5 सौ चूजे भी मृत

मुर्गी फार्म संचालक दंपती की रहस्यमय मौत के साथ 5 सौ चूजे भी मृत

गोरखपुर। गांव में मुर्गी फार्म संचालक के साथ उसकी पत्नी की भी रहस्यमय मौत हो गई है। मुर्गी फार्म के भीतर 500 मुर्गी के चूजे भी मृत पाए गए हैं। घटना का सवेरे के समय जब लोगों को पता चला तो इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति पत्नी के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं। फिलहाल दंपति की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

महराजगंज में सिंदुरिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर कोर्ट गांव निवासी मुर्गी फार्म संचालक पति पत्नी शुक्रवार की देर रात गांव के बाहर बने अपने मुर्गी फार्म के भीतर ही सोए हुए थे। जिस कमरे में पति पत्नी सो रहे थे उसका दरवाजा भी भीतर से बंद था। शनिवार की सवेरे जब काफी समय बाद तक भी उनके मुर्गी फार्म का दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को आशंका हुई। जिसके चलते उन्होंने मुर्गी फार्म संचालक के परिवारजनों को मामले की जानकारी दी। सूचना पाते ही मुर्गी संचालक नथुनी के परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोडने के बाद भीतर घुसे परिवारजनों को कमरे में नथुनी के साथ उनकी पत्नी पूनम भी मृत मिली। इसके बाद जब मुर्गी फार्म की जांच की गई तो वहां पर भी 5 सौ चूजे मृत पड़े हुए थे। घटना की सूचना तुरंत ही पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दंपति के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। थानेदार रामकृष्ण यादव ने बताया है कि दंपति की मौत कैसे हुई है? इसकी जानकारी नहीं मिली है। दोनों के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान भी नहीं मिले हैं। अब पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा। मुर्गियों की मौत कैसे हुई है? इसकी जानकारी के लिए उनका भी पोस्टमार्टम कराया जायेगा।



Next Story
epmty
epmty
Top