मुजफ्फरनगर में कार की बाइक के टक्कर-दो महिलाओं की मौत, एक घायल

मुजफ्फरनगर। शामली-मुजफ्फरनगर मार्ग पर गांव छतैला नहर पटरी पर तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि घायल हुए एक व्यक्ति को गंभीर हालत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं। एक साथ दो महिलाओं की मौत हो जाने से दोनों के परिवार में बुरी तरह से कोहराम मचा हुआ है।
बृहस्पतिवार को जसोई निवासी मुन्नी और अनवरी अपने परिवार के व्यक्ति के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से अपने गंतव्य की तरफ जा रही थी। जैसे ही उनकी बाइक तितावी थाना क्षेत्र की छतैला नहर पटरी पर पहुंची तो उसी समय किसी वाहन को ओवरटेक कर रही कार उनकी बाइक के सामने आ गई। बचने का रास्ता न होने से कार और बाइक की आमने सामने की जोरदार टक्कर हो गई। जिससे बाइक पर बैठी दोनों महिलाएं और उसे चला रहा युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। इस हादसे में सड़क पर गिरी दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
दो वाहनों के टकराने की आवाज को सुनकर आसपास के लोग भाग दौड़कर मौके पर पहुंचे और सड़क पर गिरी दोनों महिलाओं व युवक को उठाया, लेकिन सड़क पर गिरी दोनों महिलाओं की मौत हुई मिली। इसी बीच दो वाहनों की भिड़ंत होने की जानकारी मिलते ही थाना तितावी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मृत महिलाओं के शव कब्जे में ले लिये। पुलिस ने घायल हुए बाइक सवार युवक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां से गंभीर अवस्था के चलते उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पंचनामा भरते हुए दोनों महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं। दो वाहनों की भिड़ंत से नहर पटरी पर दोनों तरफ जाम लग गया। कार और बाइक को हटवाकर पुलिस ने रास्ता बनाते हुए यातायात को सुचारू कराया।