बाइक पर स्टंट दिखा रहे किशोर हवा में उछले और फ्लाई ओवर से ऐसे खाई..

गाजियाबाद। स्टंट के जरिये करतब दिखाते हुए बाइक पर सवार होकर जा रहे दो किशोर हादसे का शिकार होकर फ्लाईओवर के ऊपर से तकरीबन 20 फीट ऊंचाई से जब सड़क पर आ गिरे तो दोनों को गंभीर अवस्था में अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया गया है। जहां दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
बृहस्पतिवार की सवेरे 19 वर्षीय शहजाद और 16 वर्षीय अजीम बाइक पर सवार होकर एमएमजी फ्लाईओवर के ऊपर होते हुए जा रहे थे। महानगर के केला भट्टा इलाके में रहने वाले दोनों किशोर जब बाइक पर तेज रफ्तार के साथ स्टंट बाजी करते हुए एमएमजी फ्लाई ओवर के ऊपर पहुंचे तो उनकी बाइक फ्लाईओवर के साइड वॉल से जाकर टकरा गई। बाइक के दीवार से टकराते ही दोनों किशोर काफी ऊंचाई तक हवा में उछले और धडाम से तकरीबन 20 फीट ऊंचाई से नीचे सड़क पर जा गिरे।
कुछ देर पहले तक किशोरों के स्टंट देख रहे लोगों ने जब दोनों को अचानक फ्लाईओवर से नीचे गिरते हुए देखा तो उनकी सांसें हलक के भीतर अटक गई। भागदौड़ कर लोग उनके पास तक पहुंचे और मामले की पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे कोतवाली इंस्पेक्टर अमित कुमार ने परिजनों को खबर देते हुए दोनों को यशोदा हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां पर दोनों की हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि महानगर और पड़ोस के नोएडा में युवाओं द्वारा बाइक एवं कार के ऊपर स्टंट करने का मामला तेजी के साथ बढ़ रहा है। अनेक मामलों के वीडियो वायरल होने पर पुलिस द्वारा कई स्टंटबाजों के खिलाफ कार्यवाही की जा चुकी है। बावजूद इसके स्टंट के प्रति युवाओं का आकर्षण खत्म नहीं हो रहा है।