पांव में काटने वाला चूहा मंत्री जी को दिखाई दिया सांप-दहशत में हालत बिगड़ी

बांदा। जनपद के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद यादव के पैर में सोते समय चूहे ने काट लिया। सांप के डंसने के संदेह की वजह से मंत्री जी की हालत बिगड़ने लगी। मामले की जानकारी मिलते ही बुरी तरह से हड़कंप मच गया। मंत्री जी को तत्काल जिला चिकित्सालय में लाया गया, जहां पर चूहे के काटने की पुष्टि होने पर मरहम पट्टी करते हुए मंत्री जी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
सोमवार को जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ एसएन मिश्रा ने बताया है उत्तर प्रदेश सरकार में खेल मंत्री गिरीश चंद यादव जनपद के दो दिवसीय दौरे पर आए हुए हैं। रविवार की रात मंत्री जी मवई बाईपास स्थित सर्किट हाउस के कमरा नंबर 6 में रात्री विश्राम के लिये ठहरे हुए थे। देर रात तकरीबन 3.00 बजे उन्हें महसूस हुआ कि किसी जीव जंतु ने उनके दाएं पैर की उंगली काट ली है।
डॉक्टर मिश्रा के मुताबिक आसपास जंगल होने की वजह से मंत्री जी को इस बात का शक हुआ कि उन्हें सांप ने डंस लिया है। इसी घबराहट के चलते मंत्री जी की तबीयत खराब होने लगी। मंत्री जी की हालत बिगड़ने की खबर मिलते ही प्रशासन में बुरी तरह से हड़कंप मच गया।
तुरंत मंत्री जी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर की गई जांच में पता चला कि उन्हें सांप ने नहीं बल्कि किसी चूहे अथवा छछूंदर ने काटा है। मंत्री जी के पैर पर मरहम पट्टी करके अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
