चौराहे पर हंगामा, शहर विधायक एवं पूर्व मंत्री समेत कई नेता अरेस्ट

चौराहे पर हंगामा, शहर विधायक एवं पूर्व मंत्री समेत कई नेता अरेस्ट

मेरठ। लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा की घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी चौराहे पर धरना प्रदर्शन करते हुए जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान हंगामा काट रहे सफाई सड़क पर ही धरना देकर बैठ गए और रास्ता जाम कर दिया। हंगामा काट रहे सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शहर विधायक रफीक अंसारी, पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर और सपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह समेत कई सपाइयों को हिरासत में ले लिया है।

सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता कमिश्नरी पहुंचे और लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सपा कार्यकर्ताओं ने लखीमपुर खीरी की घटना के दोषियों को फांसी देने की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इस्तीफा मांगते हुए सरकार को बर्खास्त करने की मांग की गई।

सपा नेताओं ने कहा कि लखीमपुर हिंसा के प्रत्येक मृतक के परिवार को दो करोड़ की आर्थिक मदद व सरकारी नौकरी दी जाए। गृह राज्यमंत्री और राज्य उपमुख्यमंत्री भी इस्तीफ़ा दें और दोषियों को 302 के तहत तत्काल जेल भेजा जाए। धरना प्रदर्शन में शामिल सपा नेताओं को पुलिस शांति रखने और सड़क खाली करने के लिए समझा रही थी, लेकिन कार्यकर्ता अपनी जिद पर अड़े रहे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि बेशक उन्हें गिरफ्तार कर लो, लेकिन वे नहीं उठेंगे।

इस पर पुलिस ने बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर रहे सपा नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। जिन सपा नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है उनमें सपा जिलाध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह, पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, शहर विधायक रफीक अंसारी, जिला पंचायत सदस्य सम्राट मलिक, नवाजिश शाहिद, नेहा गौड़, वसी, महानगर अध्यक्ष आदिल सिद्दीकी और कई सपा नेता शामिल हैं।

Next Story
epmty
epmty
Top