मास्टर प्लान तैयार, लखनऊ में ही रहेगी प्रियंका, वीकेंड पर जाएंगी दिल्ली

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को पुराना गौरव दिलाने के लिए रात दिन मेहनत कर रही पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने अब अपना मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा अधिकांश समय लखनऊ में देने के साथ ही प्रदेश का दौरा भी करेगी। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा अब सोमवार से लेकर शुक्रवार तक उत्तर प्रदेश में ही जमी रहेंगी। केवल वीकेंड पर पर ही वह दिल्ली जाएंगी।
उत्तर प्रदेश के पांच दिवसीय दौरे पर आई कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने अब कांग्रेस को उसका पुराना गौरव दिलाने के लिए कमर कसते हुए उत्तर प्रदेश में जमे रहने का फैसला लिया है। तैयार किए मास्टर प्लान के मुताबिक कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अब भाजपा व अन्य दलों के प्रदेश में सैरसपाटे के लिये आने के तंज का जवाब देने के लिए उत्तर प्रदेश में जमी रहेंगी। प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस बात का फैसला लिया है कि अब वह हर हफ्ते में सोमवार से लेकर शुक्रवार तक लखनऊ में ही रहेंगी। इस दौरान वह उत्तर प्रदेश के किसी अन्य जनपद में भी प्रवास कर सकती हैं। अब वह केवल शनिवार एवं रविवार को ही दिल्ली में अपने परिवार को समय देने के लिए वहां पर जाएंगी। इसी के तहत आगामी 10 अक्टूबर को प्रियंका गांधी वाड्रा वाराणसी में पार्टी की एक रैली करेंगी। इसके साथ ही प्रदेश भर में आगामी 17 अक्टूबर से कांग्रेस की ओर से प्रतिज्ञा यात्रा शुरू की जाएगी। प्रतिज्ञा यात्रा प्रदेश में चार अलग-अलग स्थानों से बस द्वारा निकाली जाएगी। प्रतिज्ञा यात्रा का समापन नवंबर माह में लखनऊ में होगा। कांग्रेस ने नवंबर में लखनऊ में एक बड़ी रैली आयोजित किए जाने की योजना भी तैयार की है। राजधानी में होने वाली इस रैली में देश के बड़े नेता भी शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि कांग्रेस की ओर से आयोजित किए जाने वाले यह सभी कार्यक्रम प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में ही होंगे