जोश में खोए होश-सपाइयों ने दुष्कर्म पीड़िता के बजाए फूलन देवी को दी श्रद्धांजलि

जोश में खोए होश-सपाइयों ने दुष्कर्म पीड़िता के बजाए फूलन देवी को दी श्रद्धांजलि

मुरादाबाद। जोश से पूरी तरह लबरेज हुए सपा कार्यकर्ताओं ने अगली कतार में खड़े होने के लिए अपने होश खोते हुए हाथरस की दुष्कर्म पीड़िता के बजाय पूर्व सांसद फूलन देवी को ही मोमबत्तियां जलाते हुए श्रद्धांजलि दे डाली। भूल का पता चलने पर जोश से लबरेज सपा कार्यकर्ताओं के मुंह पर हवाइयां उड़ने लगी। आनन-फानन में पूर्व सांसद की फोटो को हटाकर डैमेज कंट्रोल का प्रयास किया गया।

दरअसल पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुके सपा कार्यकर्ताओं ने हाथरस की दुष्कर्म पीड़िता के साथ हुई घटना को 1 साल पूरा होने के मौके पर हाथरस की बिटिया को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम आयोजित किया था। महानगर के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर पार्क में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता दुष्कर्म पीड़िता को श्रद्धांजलि देने के लिए इकट्ठा हुए थे। इस दौरान सपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की ओर से मोमबत्तियां जलाकर दुष्कर्म पीड़िता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई और दुष्कर्म पीड़िताओं को न्याय दिलाने की मांग करते हुए प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की गई। एक मेज पर रखी तस्वीर के आगे मोमबत्तियां जलाते हुए कार्यकर्ता अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि देने लगे। तस्वीर के आगे मोमबत्ती जलाने के बाद सपा कार्यकर्ता मेज पर रखी तस्वीर को हाथ में लेकर नारेबाजी करने लगे। इसी बीच पता चला कि हाथ में ली गई फोटो हाथरस की दुष्कर्म पीड़िता बिटिया के बजाय पार्टी की पूर्व सांसद फूलन देवी की है तो सभी के मुंह पर हवाइयां उड़ने लगी। मामला उजागर होने पर होने पर श्रद्धांजलि देने के लिए रखी गई पूर्व सांसद की फोटो को हटाकर डैमेज कंट्रोल किया जाने लगा। मीडिया कर्मियों की ओर से जब सपा नेताओं से फूलन देवी का फोटो लगाए जाने के बारे में पूछा गया तो वह बगले झांकने लगे। बाद में सपा जिलाध्यक्ष डी पी यादव ने बताया कि पूर्व सांसद फूलन देवी के साथ भी अत्याचार हुआ था इसलिए उनका फोटो लिया गया था।





Next Story
epmty
epmty
Top