गेंहू के खेतों में लगी आग, 50 से अधिक ग्रामीणों की फसल हुई राख

गेंहू के खेतों में लगी आग, 50 से अधिक ग्रामीणों की फसल हुई राख

बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच ज़िले के मोतीपुर तहसील में शनिवार को अज्ञात कारणों से गेहूं के खेत में आग लग गई। आग ने विकराल रूप ले लिया और 50 से अधिक ग्रामीणों की 110 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।

सूत्रों के अनुसार चौधरी गांव में गेंहू के खेतों में हुई इस आगजनी पर एसएसबी, दमकल कर्मी और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। किसानों के अनुसार इस आग में जली फसल से लगभग 10 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। किसानों में हाहाकार मचा हुआ है।

मोतीपुर तहसील अंतर्गत चौधरी गांव भारत-नेपाल सीमा पर बसा हुआ है। गांव में स्थित खेतों में गेहूं की फसल तैयार लगी हुई है। आज अज्ञात कारणों से गेहूं के खेत में आग लग गई। चल रही तेज लपटों से आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते लगभग 50 किसानों के खेत में आग लग गई। गेहूं की फसल धू-धू कर जलने लगी।

ग्रामीणों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। एसएसबी के जवान इंस्पेक्टर अभिषेक त्रिपाठी की अगुवाई में पहुंचे। एसएसबी जवानों के साथ ग्रामीणों व दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। अग्निकांड में 110 बीघा गेहूं की फसल जल गई। सूचना पाकर तहसीलदार नवीन कुमार, नायब तहसीलदार, विनीत सिंह, डायल 112 पुलिस टीम और राजस्वकर्मियों ने जायजा लिया। नायब तहसीलदार ने बताया कि क्षति का आंकलन किया गया है। सूची सभी किसानों की मिलते ही पीड़ितों के खाते में सहायता राशि भेजी जाएगी। किसानों के मुताबिक 10 लाख से अधिक का नुकसान अग्निकांड में हुआ है।



वार्ता

Next Story
epmty
epmty
Top