शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार-बीईओ रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार-बीईओ रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

आगरा। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की ओर से जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार पर किए जा रहे करारे प्रहार के बावजूद अधिकारी ऊपरी कमाई का कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं। शिक्षक के जीपीएफ से ऋण लेने की संस्तुति पर 8000 हजार रूपये की रिश्वत मांगने वाले खंड शिक्षा अधिकारी को विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। विजिलेंस की टीम की ओर से भ्रष्टाचार के खिलाफ की गई इस कार्यवाही से शिक्षा विभाग समेत अन्य सभी महकमों में हड़कंप मच गया है।

विजिलेंस की टीम ने आगरा में बड़ी कार्रवाई करते हुए शमशाबाद ब्लॉक में कार्यरत बीईओ ब्रजराज सिंह चौरसिया को 8000 रूपये की रिश्वत लेने के आरोप में रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। विजिलेंस के मुताबिक ब्लाक शमशाबाद के प्राथमिक विद्यालय लहरपट्टी में कार्यरत प्रधानाध्यापक भैरव नाथ सिंह ने अपने जीपीएफ खाते के आधार पर 500000 रूपये का ऋण लेने का आवेदन इसी वर्ष के जुलाई माह में किया था। मगर रिश्वत न देने के कारण बीईओ कार्यालय से प्रधानाध्यापक की पत्रावली को ही गायब कर दिया गया। ऋण लेने की मजबूरी में प्रधानाध्यापक भैरव नाथ सिंह ने अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में दोबारा से ऋण लेने के लिए विभाग में आवेदन किया।

आरोप है कि बीईओ ब्रजराज सिंह ने ऋण मंजूरी की एवज में प्रधानाध्यापक से रिश्वत मांगी। अपने ही हक पर रिश्वत देने से बेहतर प्रधानाध्यापक ने भ्रष्टाचारी अधिकारी को सबक सिखाना उचित समझा। जिसके चलते शिक्षक भैरव नाथ सिंह ने विजिलेंस कार्यालय में संपर्क हासिल किया और समूचे मामले की जानकारी दी। विजिलेंस टीम ने शिक्षक भैरवनाथ सिंह की शिकायत पर सत्यापन किया और इसके बाद उन्हें रिश्वत की रकम पर पाउडर लगाकर ब्रजराज सिंह के पास भेज दिया। ब्रजराज सिंह ने रिश्वत की रकम लेकर पीड़ित को अपने अस्थाई आवास होटल रॉयल पर बुला लिया। जहां पर शिक्षक भैरव नाथ सिंह ने जैसे ही बीईओ को रिश्वत की रकम थमाई, वैसे ही विजिलेंस की टीम ने छापामार कार्यवाही करते हुए रिश्वत की रकम के साथ बीईओ ब्रजराज सिंह को रंगे हाथ दबोच लिया।



Next Story
epmty
epmty
Top