आश्रम में बच्चों के यौन शोषण का मामला- हेल्पलाइन इंचार्ज के बयान दर्ज

आश्रम में बच्चों के यौन शोषण का मामला- हेल्पलाइन इंचार्ज के बयान दर्ज

मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रमुख तीर्थ नगरी शुक्रताल के गोडिय मठ आश्रम में मिजोरम एवं त्रिपुरा के बच्चों के साथ हुए यौन शोषण के मामले में पॉक्सो कोर्ट में एक और महत्वपूर्ण गवाह एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की इंचार्ज के बयान दर्ज किए गए। इस दौरान आरोपी भक्ति भूषण महाराज और उसका शिष्य कृष्ण मोहनदास भी मौजूद रहा।

मंगलवार को जिला न्यायालय की पॉक्सो कोर्ट के जज संजीव कुमार तिवारी की अदालत में पहुंचकर शुक्रताल के गोडिय मठ आश्रम में पिछले दिनों मिजोरम एवं त्रिपुरा के बच्चों के साथ हुए यौन शोषण के मामले में महत्वपूर्ण मानी जा रही गवाह चाइल्ड हेल्पलाइन की इंचार्ज पूनम शर्मा ने न्यायालय के सम्मुख पेश होकर अपने बयान दर्ज कराएं। न्यायालय में हुई सुनवाई के दौरान गोडिय मठ आश्रम के आरोपी संचालक भक्ति भूषण महाराज और उसके शिष्य कृष्ण मोहन दास भी पेश हुए। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 की 9 जुलाई को पुलिस और प्रशासन द्वारा शुक्रताल में गोडिय मठ के आश्रम के 10 बच्चों को मुक्त कराकर उनका डॉक्टरी परीक्षण कराया गया था।

मिजोरम एवं त्रिपुरा के बच्चों के साथ यौन उत्पीड़न का मामला प्रकाश में आने पर आश्रम के संचालक भक्ति भूषण महाराज और उसके शिष्य कृष्ण मोहन दास को गिरफ्तार कर पुलिस द्वारा जेल भेज दिया गया था। बाद में सीओ स्तर के पुलिस अधिकारी ने मामले की जांच पड़ताल करते हुए संगीन धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र पॉक्सो अदालत में दाखिल किया था। पॉक्सो कोर्ट के ज़ज़ संजीव कुमार तिवारी ने चाइल्ड हेल्पलाइन की इंचार्ज पूनम शर्मा के बयान दर्ज होने के बाद 12 अक्टूबर तक इस मामले की सुनवाई स्थगित कर दी है। इससे पूर्व के पीड़ित बच्चों के बयान कोर्ट में दर्ज हो चुके है।

Next Story
epmty
epmty
Top