भाजपा पार्षद ने दिखाई दबंगता-पेड़ से बांधकर युवक को पीटा-कपडे फाडे

भाजपा पार्षद ने दिखाई दबंगता-पेड़ से बांधकर युवक को पीटा-कपडे फाडे

कानपुर। भाजपा पार्षद ने दबंगई दिखाते हुए चोरी के शक में एक युवक को पकड़कर पेड़ से बांधा और उसे जमकर पीटा। इस दौरान युवक के कपड़े भी भाजपा पार्षद ने तार-तार कर दिए। पार्षद के हाथों पीट रहा युवक बार-बार माफी की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी का भी दिल नहीं पसीजा। मौके पर जमा हुए लोग भीड़ के रूप में केवल तमाशा देख रहे थे।

नौबस्ता थाना क्षेत्र के ब्रह्मनगर इलाके के लोगों ने मंगलवार की देर शाम बिधनू निवासी रवि उर्फ बिल्ली नामक एक युवक को चोर होने के शक में पकड़ लिया। चोर को पकड़ते ही भाजपा पार्षद मेनका सिंह सेंगर को मामले की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचकर भाजपा पार्षद ने लोगों द्वारा पकड़े गए युवक को एक पेड़ से रस्सियों के सहारे बांधा और पुलिस की तरह पिटाई करते हुए उससे पूछताछ करनी शुरू कर दी। कुछ लोगों ने इस मामले का वीडियो भी बना लिया। इस दौरान चोर ने खुद को पुलिस का मुखबिर बताया और कहा कि उसने अभी तक चार चोरों को पकड़वाया भी है। हालांकि पुलिस ने इसकी कोई पुष्टि नहीं की है। वायरल वीडियो में चोर खुद को पुलिस का मुखबिर बता रहा है। उसने बताया कि औरैया में उसने 400000 रूपये की चोरी की थी। इससे पहले एक महिला की सोने की चेन भी चुराई थी। उल्लेखनीय है कि भाजपा पार्षद ने 6 दिन पहले 26 अगस्त को भी नगर निगम के जोनल कार्यालय में जमकर बवाल किया था। इस दौरान दफ्तर में उन्होंने जोनल स्वच्छता अधिकारी सुरेश कुमार को बंधक बनाने का प्रयास किया था। इससे पहले बीते साल नगर निगम के सदन की कार्यवाही के दौरान अधिकारियों को भाजपा पार्षद ने चप्पल से मारने की बात कही थी। इस पर अधिकारियों ने सदन का बहिष्कार कर दिया था।




epmty
epmty
Top