पुश्तैनी मकान तोड़ते वक्त मिला लकड़ी का बक्सा- भीतर सामान देख उड़े होश

आगरा। जर्जर हो चुके पुश्तैनी मकान को तोड़कर नया बनाते समय मिले लकड़ी के बक्से को देखते ही पहले तो परिजनों की बांछे खिल गई। लेकिन जब उसे खोलकर देखा गया तो ऐसी अजीब चीज मिली जिन्हें देखकर परिवार के लोगों के साथ अन्य भी डर से थर-थर कांप उठे। तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बक्से को कब्जे में लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा है।
दरअसल आगरा जनपद के कस्बा अछनेरा में रहने वाले गया प्रसाद पुत्र धनीराम के पुश्तैनी मकान को कुछ महीने पहले ही पालिका अध्यक्ष रहे अशोक अग्रवाल ने खरीदा था। मकान काफी पुराना होने की वजह से जर्जर हो चुका था। इसलिए दोबारा से बनवाने के लिए इस मकान को तोड़ा जा रहा था। जिस समय मजदूर मकान की ऊपरी मंजिल को तोड़ रहे थे तो वहां से लकड़ी का एक बक्सा मिला। जिसे देखकर मजदूरों को लगा कि इसमें कुछ कीमती सामान हो सकता है।

मजदूरों ने तत्काल ही मामले की जानकारी पूर्व अध्यक्ष को दी। सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे पूर्व अध्यक्ष एवं उनके परिवार वालों ने जब बक्से को खोला तो भीतर से मानव कंकाल जैसी हड्डियां निकल पड़ी। जिन्हें देखकर परिवार के लोगों के पसीने छूट गए। तत्काल मामले से पुलिस को अवगत कराया गया। थाना अध्यक्ष रोहित आर्य मामले की जानकारी मिलते ही फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जर्जर हो चुके मकान से मिले बक्से को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मजदूरों से पूछताछ की कि आखिर उन्हें किस स्थान से और कैसे यह बक्सा मिला है?