ट्विटर की हरकतें जारी-अब भारत के नक्शे से छेड़छाड़-जेके एवं लद्दाख अलग देश

ट्विटर की हरकतें जारी-अब भारत के नक्शे से छेड़छाड़-जेके एवं लद्दाख अलग देश

नई दिल्ली। सरकार से चल रही तनातनी के बीच ट्विटर की हरकतें बंद होने के बजाय लगातार जारी हैं। ट्विटर ने अब एक और बड़ी गलती करते हुए भारत के नक्शे से छेड़छाड़ कर केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू, कश्मीर और लद्दाख को अलग देश बता दिया है। ट्विटर को अब अपनी इस हरकत का भारी खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।

सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर ने अपनी हरकतों को आगे बढ़ाते हुए एक और हिमाकत कर दी है। भारतीय नक्शे से छेड़छाड़ करते हुए ट्विटर ने जम्मू, कश्मीर और लद्दाख को अलग प्रदेश दिखा दिया है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्विटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकती है। इससे पहले भी ट्विटर ने लद्दाख को चीन का हिस्सा बता दिया था। जिसे लेकर सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए उसे सख्त चेतावनी दी थी।

देश के सूचना एवं प्रौद्योगिकी नियमों को मानने में आनाकानी करने वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर ने अपनी वेबसाइट के कैरियर सेक्शन में दिखाई दे रहे नक्शे में जम्मू और कश्मीर को अलग देश दिखाते हुए लेह को चीन का हिस्सा बताया है। ट्विटर ने भारतीय नक्शे के साथ छेड़छाड़ करते हुए यह गलती ऐसे समय पर की है जब भारत के आईटी कानून को लेकर उसकी सरकार के साथ तगड़ी तकरार चल रही है। हाल ही के दिनों में टिवटर ने भारत के आईटी एवं कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद के ट्विटर हैंडल को लगभग 1 घंटे के लिए ब्लॉक कर दिया था। माना जा रहा है कि अब सरकार आने वाले दिनों में ट्विटर पर सख्त कार्रवाई कर सकती है। माइक्रो ब्लॉगिंग साइट को हाल ही में नाइजीरिया द्वारा भी इसी तरह की गतिविधियों की वजह से प्रतिबंधित किया गया है।

Next Story
epmty
epmty
Top