देश अमर शहीदों का हमेशा कर्जदार रहेगा: रेखा

देश अमर शहीदों का हमेशा कर्जदार रहेगा: रेखा

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा में 78वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए एवं देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों को कुर्बान करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गयी।

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने ध्वजारोहण करते हुए प्रदेश वासियों को 78वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने आगे कहा कि भारत हमेशा उन शहीदों का कर्जदार रहेगा, जिनके बलिदान से, जिनके आंदोलन से एवं जिनकी क्रांतियों से आज हम एक स्वतंत्र देश में जी रहे हैं। उन्होंने सभी राष्ट्रनिर्माताओं एवं क्रांतिकारियों को नमन करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह आजादी हमें आसानी से नहीं बल्कि इसके लिए बहुत सी माताओं ने अपने बेटे खोए, बहुत से सुहागिनियों ने अपने सुहाग खोए और बहुत सी बहनों ने अपने भाई की कलाई खोई है।

इतने वर्षों के संघर्षों एवं आंदोलनों के बाद जब हम आजाद हुए तो हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने कुछ सपने देखे थे अपने देश के लिए। आज हम सब कुछ करने के लिए स्वतंत्र हैं, तो हमें हमारे राष्ट्रनिर्माताओं के सपनों का भारत बनाने के लिए अपने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमारे लिए एक नए संकल्प का दिन है। आज हम सबको यह संकल्प जरूर लेना चाहिए कि हम अपनी इस आजादी को अक्षुण रखेंगे एवं देश की तरक्की में अपना अपना योगदान देंगे। जिलाधिकारी विनीत तोमर ने भी जनपद वासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा कहा कि हमें अपनी स्वतंत्रता को सही मायनों में समझकर अपने देश के लिए अपना अपना योगदान जरूर देना चाहिए।

इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों एवं राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। अंत में कैबिनेट मंत्री ने एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ ही लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण की अपील की। इससे पूर्व नंदादेवी प्रांगण से मुख्य बाजार होते हुए प्रभात फेरी के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, संभ्रांत नागरिकों, एनसीसी कैडेट्स एवं स्कूली बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

epmty
epmty
Top