लखनऊ से पैतृक गांव पहुंचा संजीव जीवा का शव- गांव की गलियों में..

शामली। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की केसरबाग कोर्ट में दिनदहाड़े गोलियों का निशाना बने संजीव महेश्वरी उर्फ जीवा का शव पोस्टमार्टम के बाद उसके पैतृक गांव में पहुंच गया है। बृहस्पतिवार को पुलिस लखनऊ से गैंगस्टर संजीव महेश्वरी उर्फ जीवा के शव को लेकर शामली जनपद के आदमपुर गांव में पहुंची है। बाबरी थानाक्षेत्र का आदमपुर गांव मृतक संजीव महेश्वरी का पैतृक गांव है, जहां की गलियों में खेलकूद कर बडा हुआ संजीव महेश्वरी अपराध की दुनियां का एक जाना पहचाना बना।
संजीव जीवा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उसके तीन लड़के और एक लड़की पहले ही आज गांव में अपनी बुआ के साथ पहुंच चुके है। संजीव महेश्वरी उर्फ जीवा के पैतृक गांव में जगह जगह पुलिस फोर्स तैनात है, लेकिन गांव की गलियों में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है। बाबरी थाना क्षेत्र के गांव आदमपुर में संजीव महेश्वरी उर्फ जीवा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले राजधानी लखनऊ में संजीव महेश्वरी के शव का चिकित्सकों ने परीक्षण कर पुलिस को सौंपा था। राजधानी लखनऊ से चली पुलिस दोपहर बाद संजीव महेश्वरी के शव को लेकर गांव में पहुंची है। जहां पहले से ही अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा चुकी है।