ऐसी खाई रसमलाई- बारातियों घरातियों ने सारी रात अस्पताल में बिताई

ऐसी खाई रसमलाई- बारातियों घरातियों ने सारी रात अस्पताल में बिताई

जौनपुर। धूमधाम के साथ आई बारात ने नाश्ता किया और जयमाला की तैयारी में जुट गए। उधर नाश्ते में खाने को मिली रसमलाई को खाकर बाराती अस्पताल पहुंचने में व्यस्त हो गए। फूड प्वाइजनिंग के कारण बीमार हुए बारातियों एवं घरातियों को सारी रात अस्पताल में बिताने को मजबूर होना पड़ा। हालांकि अब सभी की हालत में सुधार आना बताया जा रहा है।

जौनपुर जनपद के राजा बाजार से रविवार की शाम एक बारात सुल्तानपुर के सिरकिनपुर में गई थी। गांव में पहुंची बारात का लड़की पक्ष की ओर से उत्साह के साथ स्वागत सत्कार कर सभी को नाश्ते पर आमंत्रित किया गया। बारात में आए लोगों के साथ लड़की पक्ष के मेहमानों ने भी नाश्ते में परोसी गई रसमलाई का चटखारे लेकर रसास्वादन किया। जिस समय लड़की और लड़का पक्ष के लोग जयमाला की तैयारी में जुटे हुए थे, तभी बाराती एवं घराती एक-एक कर बीमार होने लगे। हालात ऐसे बने कि बारात में गए लोगों को अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराना पड़ा।

उधर लड़की पक्ष के लोग भी अस्पताल जाने को मजबूर हुए। पहले तो माना जा रहा था कि शराब पीने की वजह से सभी लोगों को उल्टी दस्त की शिकायत हुई है। लेकिन जब बच्चे भी बेहाल होकर गिरने लगे तो बुरी तरह से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर उपलब्ध बाईक, कार और ट्रैक्टर ट्राली आदि संसाधनों के माध्यम से बीमार हुए सभी लोगों को शाहगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सकों ने कुछ को तो इलाज देने के बाद छोड़ दिया। जबकि कई अन्य लोगों का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की हालत में सुधार बताया जा रहा है।

epmty
epmty
Top