शुरू हुए रामलला प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान- मथुरा से आए लड्डू

अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि परिसर में बन रहे राम मंदिर में विराजित होने वाली रामलला की नई प्रतिमा के निर्धारण के साथ अब प्राण प्रतिष्ठा से जुड़े अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। 21 जनवरी तक चलने वाले अनुष्ठान के अंतर्गत सबसे पहले राम मंदिर को धोया गया है।
मंगलवार को भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या में राम मंदिर में विराजित होने वाली रामलला की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा से जुड़े अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। दोपहर 1:00 बजे से आरंभ हुई पूजा से पहले भगवान रामलला की मूर्ति के निर्माण स्थल पर कर्म कुटी पूजा आरंभ की गई है। इससे पहले राम जन्म भूमि परिसर में व्यापक पैमाने पर साफ सफाई अभियान चलाते हुए इलाके को साफ किया गया है।
राम मंदिर को भी सरयू नदी से लाए गए जल से धोया गया है। रामनगरी में 108 फीट की अगरबत्ती जलाई गई है, जिसे गुजरात से लाया गया है। 108 फीट की अगरबत्ती को जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष के महंत नृत्य गोपाल दास की मौजूदगी के बीच जलाया गया है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में आरंभ हुए अनुष्ठान के लिए भगवान श्री कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा से 1000 किलो लड्डू मंगवाए गए हैं।