कांग्रेसियों पर पुलिस ने भांजी लाठियां- मशाल छीनने में दरोगा झुलसे

कांग्रेसियों पर पुलिस ने भांजी लाठियां- मशाल छीनने में दरोगा झुलसे

सुल्तानपुर। विभिन्न मांगों को लेकर जुलूस निकाल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा चला। मशाल छीनने का विरोध करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए। कांग्रेसियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठी का सहारा ले लिया। जुलूस के दौरान मशाल की छीना झपटी में एक दरोगा आग में झुलस गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा 20- 25 कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए हैं।

दरअसल युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष वरुण मिश्रा की अगुवाई में जुलूस निकालने की तैयारी कर रहे थे। बृहस्पतिवार की रात निकाले जाने वाले इस मशाल जुलूस में शामिल होने के लिए जिलाध्यक्ष वरुण मिश्रा के अलावा रंजीत सिंह, राजेश तिवारी, देव शुक्ल, सलूजा राज और दिनेश मिश्रा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इकट्ठा हुए थे और वह जुलूस निकालने की तैयारियों में जुट गए। मशाल जुलूस रोकने के लिए फील्डिंग सजाए बैठे कोतवाल फोर्स को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी राघवेंद्र चतुर्वेदी एवं शहर कोतवाल राम आशीष उपाध्याय के रोकने पर कांग्रेस कार्यकर्ता जबरन मशाल जलूस निकालने लगे।

इसी मामले को लेकर कांग्रेसी और प्रशासन आमने-सामने हो गए। पुलिस की तरफ से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के ऊपर लाठीचार्ज किया गया। जिसमें कई कांग्रेसियों को चोटें आई हैं। कांग्रेसियों के हाथ से मशाल छीनने के चक्कर में एक दरोगा भी झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जुलूस नहीं निकालने देने के विरोध में कांग्रेसी कार्यकर्ता सड़क पर लेट गये। पुलिस ने 20-25 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले रखा है।

epmty
epmty
Top