हवाई यात्रियों की संख्या 1 लाख के पार

हवाई यात्रियों की संख्या 1 लाख के पार

नई दिल्ली । घरेलू मार्गों पर हवाई यात्रा करने वालों की संख्या शनिवार को एक बार फिर एक लाख के पार पहुंच गई।

कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान विमान यात्रा करने वालों की दैनिक संख्या घटकर 40 हजार से भी कम रह गई थी। कम से कम एक महीने बाद यह आंकड़ा एक लाख के पार पहुंच पाया है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के आज जारी आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को 1,124 उड़ानों में 1,07,371 यात्रियों ने अपने गंतव्यों के लिए प्रस्थान किया। महामारी की दूसरी लहर के कारण यात्रियों की संख्या में गिरावट के दो प्रमुख कारण थे यात्रियों में संक्रमण का डर और कई राज्य सरकारों द्वारा हवाई यात्रियों के लिए लगाई गई कड़ी शर्तें।

पिछले साल 25 मार्च से दो महीने के लिए देश में नियमित यात्री उड़ानें पूरी तरह बंद रही थीं। उसके बाद 25 मई 2020 से घरेलू मार्गों पर नियमित उड़ानें दुबारा शुरू की गई थीं। फरवरी 2021 तक हर महीने यात्रियों की संख्या बढ़ती रही। फरवरी में यह आंकड़ा 78.27 लाख पर पहुंच गया। महामारी की दूसरी लहर की आहट से मार्च में मामूली गिरावट के साथ यह संख्या 78.22 लाख पर आ गई थी। अप्रैल में महामारी के विकराल रूप लेते ही इसमें 27 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

फरवरी 2021 में रोजाना औसतन दो लाख 80 हजार लोगों ने हवाई सफर किया था। कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के कारण अप्रैल में यह संख्या घटकर 1.91 लाख के करीब रह गई थी। मई के आधिकारिक आंकड़े आने अभी बाकी हैं।

वार्ता

Next Story
epmty
epmty
Top