लड़कियों से छेड़छाड़- पुलिस टीम पर हमला- दरोगा समेत 6 जख्मी

लड़कियों से छेड़छाड़- पुलिस टीम पर हमला- दरोगा समेत 6 जख्मी

सीवान।‌ लड़कियों के साथ की गई छेड़छाड़ को लेकर दो गांव के लोगों के बीच हुए झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस के ऊपर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। पुलिस टीम पर किए गए इस हमले में घायल हुए दरोगा समेत आधा दर्जन लोगों को ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। फिलहाल हालात नियंत्रण में होना बताए गए हैं।

जनपद के जीबी नहर तरवारा थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार एवं उडियान टोला गांव के लोगों में बृहस्पतिवार की देर रात लड़कियों के साथ की जाने वाली छेड़छाड़ को लेकर झगड़ा हो गया। शुरुआती तू तू मैं मैं के बाद दोनों पक्षों के बीच ईंट पत्थर चलने लगे। एक गांव के लोगों का आरोप है कि जब भी उनके गांव की कोई लड़की दूसरे गांव से होकर जाती है तो वहां के लड़के उनके ऊपर अश्लील फब्तियां कसते हैं और छेड़खानी को अंजाम देते हैं।

इसकी शिकायत जब लड़कियों ने घर आकर अपने परिजनों से की तो उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। लेकिन छेड़छाड़ जैसी गंभीर वारदात को लेकर भी पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया। जिसका नतीजा यह रहा कि बीती रात दो गांव के लोगों के बीच संघर्ष की वारदात हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस को देखते ही भडके लोगों ने उसके ऊपर पथराव कर दिया। जिससे पुलिस में भगदड़ मच गई और वह अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग खड़े हुए।

इस दौरान पुलिस का एक दरोगा अविनाश कुमार गांव वालों के हत्थे चढ़ गया और वह पथराव की चपेट में आकर घायल हो गया। जिला मुख्यालय पर पहुंची सूचना के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर भेजी गई।

पुलिस को देखते ही उपद्रव करने वाले लोग फरार हो गए। इसके बाद पुलिस द्वारा की गई छापामार कार्यवाही में आधा दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक सीवान अमितेश कुमार ने बताया है कि दो गांव के लोगों के बीच हुए झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया, जिसमें एक दरोगा घायल हुआ है। मामले की जांच की जा रही है, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

epmty
epmty
Top