लाखों का नुक़सान- मुर्गी फार्म में लगी आग में हजारों चूजे जलकर हुए राख

सहारनपुर। मुर्गी के चूजों को ठंड से बचाने के लिए जलाई गई भट्टी से उठी चिंगारी ने मुर्गी फार्म को जलाकर राख कर दिया है। मुर्गी फार्म के भीतर लगी आग में जलकर हजारों चूजे खाक हो गए हैं। आग लगने के इस हादसे में फार्म मालिक को लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
शुक्रवार को नांगल थाना क्षेत्र के गांव सोहनचिड़ा के निकट पूर्व प्रधान अमजद द्वारा स्थापित किए गए पोल्ट्री फार्म के भीतर आग लग गई है। पोल्ट्री फार्म में हजारों की तादाद में मौजूद मुर्गी के बच्चे एवं चूजों को ठंड से बचाने के लिए पोल्ट्री फार्म में भट्टी द्वारा आग जलाई जा रही थी।
इसी दौरान भट्टी से निकली चिंगारी पोल्ट्री फार्म के भीतर जाकर बैठ गई जिसने धीरे-धीरे सुलगते हुए भीषण रूप अख्तियार कर लिया। देखते ही देखते मुर्गी फार्म आग के गोले के रूप में तब्दील हो गया, जिससे पोल्ट्री फार्म के भीतर पल रहे हजारों मुर्गी के चूजे जलकर राख हो गए हैं।
मुर्गी फार्म मालिक अमजद ने बताया है कि आपकी चपेट में आकर मुर्गी फार्म के भीतर साढ़े चार हजार चूजे जलकर राख हो गए हैं। जिससे उसे बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। आग लगने की जानकारी पर दौड़े स्थानीय लोगों ने घंटे की मशक्कत के बाद मौके पर उपलब्ध संसाधनों के जरिए आग पर काबू पाया है।