शादी में हर्ष फायरिंग- डीजे संचालक व पास खड़े किशोर को लगी गोली

आगरा। हाईकोर्ट की ओर से हर्ष फायरिंग पर लगाई गई पाबंदी के बावजूद बारात की चढ़त के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में चली गोली लगने से डीजे संचालक समेत दो लोग जख्मी हो गए हैं। फायरिंग में दो लोगों के घायल होते ही कार्यक्रम में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल हुए लोगों को ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जनपद आगरा के बाह थाना क्षेत्र के नरहौली गांव में हौतम सिंह की बेटी का शादी समारोह आयोजित किया गया था। फतेहाबाद के सायकपुरा गांव से आई बारात की जब सोमवार की देर रात चढत की जा रही थी तो इसी दौरान बारात में आए किसी व्यक्ति ने हर्ष फायरिंग कर दी।
हथियार से निकली गोली मैक्स गाड़ी में लगे डीजे के बॉक्स को पार करती हुई डीजे का संचालन कर रहे युवक विपिन निवासी फरियापुरा और नजदीक में खड़े किशोर बंसी को जा लगी, जिससे दोनों बुरी तरह खून से लथपथ हो गए। घायल हुए युवक और किशोर को देखकर शादी समारोह में बुरी तरह से हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में पहुंची पुलिस ने घायल हुए लोगों को ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, इसके बाद दोबारा मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की।
बाद में चिकित्सकों ने अस्पताल में भर्ती युवक एवं किशोर को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फायरिंग करने वाले व्यक्ति का पता लगाने का प्रयास कर रही है।