पोर्टल गड़बड़ी के चलते निजी एजेंसियों को सस्ता धान बेचने को मजबूर किसान

पोर्टल गड़बड़ी के चलते निजी एजेंसियों को सस्ता धान बेचने को मजबूर किसान

सिरसा। हरियाणा में सिरसा के उपमंडल कालांवाली के विभिन्न गांवों के किसानों को ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर गड़बड़ी के कारण फसल पंजीकरण संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिसके रोषस्वरूप भारतीय किसान यूनियन चढूनी के नेतृत्व में किसान एकत्रित होकर प्रदेश मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम सुरेश रविश को ज्ञापन सौंपने पहुंचे। इस दौरान किसानों ने एसडीएम की गैर-मौजूदगी में तहसील कानूनगो को ज्ञापन सौंपकर पोर्टल की गड़बड़ी को दुरूस्त करके किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करवाने और पोर्टल को कुछ दिन के लिए दोबारा से खोलने की मांग रखी।

भारतीय किसान यूनियन चढूनी के ब्लॉक प्रधान सत्ता चहल, युवा ब्लॉक प्रधान गुरप्रीत सिंह दादू बताया कि मेरी फसल मेरा ब्यौरा पर किसानों की फसल की जो पंजीकरण किया गया है। प्रशासन की ओर से इस पंजीकरण की वैरीफिकेशन गलत दर्ज की गई है। इस कारण किसानों को अपनी फसल मंडी में बेचने में परेशानी उठानी पड़ रही है। साथ में किसानों को अपनी फसल पोर्टल में गड़बड़ी के कारण कम दाम में प्राइवेट लोगों को बेचनी पड़ रही है। इससे किसानों को प्रति क्विंटल 100 रुपये से 200 रुपये तक की चपत लग रही है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने अपनी नरमे, धान की फसल का पंजीकरण करवाया था, पोर्टल उस किसान की नरमे या धान की फसल की जगह कोई ओर फसल दिखा रहा है। पोर्टल में गड़बड़ी के कारण उपमंडल कालांवाली के सैंकड़ों किसान अपनी फसल का सही पंजीकरण नहीं करवा सके है। किसानों ने चेतावनी देते हुए बताया कि अगर किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया तो वे बड़े स्तर पर संघर्ष करने को मजबूर होंगे।

इस मौके पर अमरजीत सिंह, गौरवजीत, गगन, भोला, बिंदा, मिठ्ठू, गुरदास सिंह किसान मौजूद रहे।

Next Story
epmty
epmty
Top