कांग्रेस को लगा झटका - मेयर ने पार्टी छोड़कर थामा बीजेपी का दामन

कांग्रेस को लगा झटका - मेयर ने पार्टी छोड़कर थामा बीजेपी का दामन

नई दिल्ली। सुबह कांग्रेस के मेयर ने इस्तीफा दिया था, शाम होते-होते मेयर ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष भाजपा में शामिल होने का ऐलान कर दिया।

गौरतलब है कि हरियाणा के सोनीपत शहर के कांग्रेस के मेयर निखिल मदान ने आज सुबह कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। मेयर निखिल मदान के इस्तीफे के बाद ही चर्चा होने लगी थी कि निखिल मदान भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। आज दोपहर बाद निखिल मदान ने दिल्ली के हरियाणा भवन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के समक्ष भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया।

भाजपा में शामिल होने के बाद सोनीपत के मेयर निखिल मदान ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए बड़ा शुभ दिन है। मैं भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का इसलिए आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझे भाजपा में शामिल होने का मौका दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मैं भी भरोसा दिलाता हूं कि सोनीपत में भारतीय जनता पार्टी जो भी उन्हें जिम्मेदारी देगी वो उस पर 100% खरा उतरेंगे। इसके साथ ही मेयर निखिल मदान ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में फिर से भाजपा सरकार बनाने के लिए काम करेंगे। इससे पहले कांग्रेस के मेयर निखिल मदान ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता छोड़ते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान को अपना इस्तीफा भेज दिया था। हरियाणा में मेयर के पार्टी छोड़ने से कांग्रेस पार्टी को झटका लगा है।

epmty
epmty
Top