मंच पर नेताओं में घमासान- BJP प्रदेशाध्यक्ष के सामने जडे थप्पड़

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के सामने राष्ट्रवादी पार्टी कहे जाने वाले दल के दो पदाधिकारी आपस में भिड़ गए। मंच पर चढ़ने को लेकर हुए बवाल में दोनों नेताओं ने एक दूसरे को तडातड थप्पड़ जड़ दिए। मौके पर मौजूद अन्य नेताओं ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग किया।
दरअसल राजस्थान की राजधानी जयपुर में अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में शामिल होने के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौके पर पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष रहे फरीदुद्दीन ही प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को लेकर मंच तक आए थे। जिस समय वह मंच पर चढ़ने लगे तो उन्हें मोर्चा के महामंत्री रहे जावेद कुरैशी ने नीचे ही रोक दिया। इससे खफा हुए पूर्व उपाध्यक्ष ने पूर्व महामंत्री को तपाक से थप्पड़ जड़ दिया।
थप्पड़ लगते ही जावेद भी पीछे नहीं रहे और उन्होंने फरीदुद्दीन के गाल पर जवाबी कार्रवाई में थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों नेता प्रदेश अध्यक्ष के सामने ही आपस में भिड़ गए और तकरीबन 30- 40 सेकंड तक आपस में लड़ते रहे।
बाद में भारतीय जनता पार्टी के अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों को अलग किया। मामला सोशल मीडिया में उजागर होने के बाद अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हामिद खान मेवाती ने मोर्चा के महामंत्री जावेद कुरैशी को पद से हटा दिया है।