RSS के पथ संचलन पर नागरिकों ने की पुष्प वर्षा

मेरठ। विजयदशमी के मौके पर मनाए जा रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस के अवसर पर स्वयंसेवकों द्वारा महानगर में पथ संचलन निकाला गया। इस दौरान रास्ते में खड़े नर नारियों द्वारा स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा की गई।
शनिवार को विजयदशमी के पर्व पर मनाए जा रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों द्वारा महानगर में 50 से अधिक स्थान से पथ संचलन निकाला गया है।
पथ संचलन का जगह-जगह पुष्प वर्षा करते हुए इलाके के नागरिकों द्वारा स्वागत किया गया। स्वयंसेवकों ने भी मुस्कुरा कर पुष्प वर्षा कर रहे लोगों के स्वागत को अभिवादन करके स्वीकार किया।
भारत माता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित करने के बाद गणवेश में पंक्तिबद्ध हुए स्वयंसेवकों द्वारा सफेद शर्ट एवं खाकी पेंट से सुसज्जित होकर हाथ में डंडा लेकर पथ संचलन निकाला गया। इस दौरान कुछ स्वयंसेवक कंधे पर बंदूक भी टांगें हुए थे।
महानगर के शास्त्री नगर, जागृति विहार, सेंट्रल मार्केट, तेजगढी, ईवज चौराहा, दिल्ली रोड, बच्चा पार्क तथा गढ़ रोड आदि इलाकों में स्वयंसेवकों द्वारा पथ संचलन निकाला गया।