शादी में मटन की देरी को लेकर बवाल- दुल्हन का शादी करने से इनकार

शादी में मटन की देरी को लेकर बवाल- दुल्हन का शादी करने से इनकार

हजारीबाग। शादी समारोह में दूल्हे के साथ दुल्हन लाने के लिए बारात लेकर गए बारातियों ने भोज के दौरान मटन मिलने में हुई देरी को लेकर बवाल खड़ा कर दिया। दुल्हन पक्ष के साथ मारपीट करते हुए दूल्हे को कुछ लोग अपने साथ ले गए। शादी में हुए इस हंगामा में से बुरी तरह आहत हुई दुल्हन ने बड़ा कदम उठाते हुए शादी करने से इनकार कर दिया। बेटी के फैसले की सपोर्ट में मां-बाप के भी खड़े हो जाने की वजह से दूल्हे को मुर्गे की टांग खाकर संतोष करते हुए बैरंग ही वापस लौटना पड़ा।

झारखंड के हजारीबाग जनपद के चौपारण प्रखंड गोविंदपुर टांड़ गांव में शादी समारोह में मटन खाने को लेकर उस समय हंगामा हो गया जब गवनपुर कांको निवासी राम कृत गिरी अपने बेटे की बारात लेकर प्रहलाद गिरी के घर पहुंचा था।

बारात की चढत के बाद हुई जयमाला की रस्म के बाद जब बारात में गए लोग भोजन करने बैठ गए तो इस दौरान मटन देने में देरी हो गई , जिसे लेकर लड़के पक्ष के लोगों ने विवाद खड़ा कर दिया। लड़की पक्ष के लोगों ने हंगामा कर रहे लड़के पक्ष के लोगों को समझने की कोशिश की।

लेकिन बारात में गए लोगों ने दुल्हन पक्ष के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। जिससे शादी समारोह में अफरा तफरी मच गई। इसी बीच कुछ बाराती दूल्हे को लेकर अपने साथ चले गए। लेकिन बाद में दूल्हा शादी के लिए तैयार हो गया और वह मौके पर पहुंच गया।

परंतु इस बार दुल्हन ने उसके साथ शादी करने से इनकार कर दिया। मां बाप के बेटी की सपोर्ट में आकर खड़े हो जाने से मामला इस कदर बिगड़ा कि दूल्हे को मुर्गे की टांग खाकर संतोष करते हुए बैरंग ही बगैर दुल्हन के बारात लेकर वापस लौटने को मजबूर होना पड़ा।

epmty
epmty
Top