सलमान व रिज्जु की चढत में हर्ष फायरिंग- महिला को छूते हुए निकली गोली
![सलमान व रिज्जु की चढत में हर्ष फायरिंग- महिला को छूते हुए निकली गोली सलमान व रिज्जु की चढत में हर्ष फायरिंग- महिला को छूते हुए निकली गोली](https://www.khojinews.co.in/h-upload/2025/02/05/1976352-whatsapp-image-2025-02-05-at-023138313a6495.webp)
मेरठ। शादी समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग ने मकान के ऊपर से बारात देख रही पडौसी महिला की जान को खतरे में डाल दिया। सिर को छूते हुए निकली गोली से जख्मी हुई महिला को ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महानगर के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला विकासपुरी में मंगलवार की देर रात आयोजित किए गए शादी समारोह में सलमान एवं उसके भाई रिजु की चढ़त के दौरान बारात में आए लोग हर्ष फायरिंग करने लगे।
इसी दौरान हथियार से निकली गोली पड़ोस में रहने वाली तबस्सुम जो पड़ोसी जाहिद के मकान की छत से बारात देख रही थी, अचानक उसके सिर से छूते हुए निकल गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हर्ष फायरिंग में महिला के घायल होने से शादी समारोह में अफरा तफरी मच गई और बारात में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
स्थानीय व्यक्तियों द्वारा दी गई सूचना के बाद थाना प्रभारी सुभाष चंद्र गौतम पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचे और गोली लगने से घायल हुई महिला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की जांच कर रही पुलिस हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपियों की तलाश कर रही है। डॉक्टरों ने महिला की स्थिति को अब खतरे से बाहर होना बताया है।