बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक भीम आर्मी चीफ से मिलने पहुंचे

सहारनपुर। पार्टी कार्यकर्ता की मां के निधन पर परिजनों को सांत्वना देने के बाद वापस लौटते समय गोलीबारी का शिकार हुए भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद से मिलने के लिए पहलवान बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक सहारनपुर पहुंचे हैं।
बृहस्पतिवार को राजधानी दिल्ली में भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष रहे बीजेपी सांसद बृजभूषण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन करने वाले पहलवान बजरंग पूनिया एवं साक्षी मलिक आज सहारनपुर पहुंचे हैं। एसबीडी हॉस्पिटल में भर्ती भीम आर्मी चीफ एवं आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर से मुलाकात कर उन्होंने हमले की बाबत जानकारी ली और उनका हालचाल जाना।
भीम आर्मी चीफ के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए दोनों पहलवानों ने कहा है कि न्याय की लड़ाई लड़ने वाले चंद्रशेखर आजाद के साथ यह बहुत बुरा हुआ है। मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए साक्षी मलिक ने कहा है कि भीम आर्मी चीफ एवं आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद सभी के दुख दर्द में शामिल होते हैं और सब के लिए न्याय की लड़ाई लड़ने को तैयार रहते हैं। उनके साथ देवबंद में हुई हमले की यह वारदात बहुत ही निंदनीय है।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को देवबंद से वापस लौटते समय भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद के ऊपर रास्ते में ओवरटेक करके निकली स्विफ्ट गाड़ी में सवार चार बदमाशों द्वारा हमला करते हुए गोलीबारी की गई थी। हमलावरों की ओर से चलाई गई एक गोली भीम आर्मी चीफ की कमर को छूती हुई निकल गई थी। घायल अवस्था में चंद्रशेखर आजाद को एसबीडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।