उत्तर प्रदेश बन गया है अपराध प्रदेश: शुक्ला

उत्तर प्रदेश बन गया है अपराध प्रदेश: शुक्ला

उन्नाव। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में बहु बेटिया सुरक्षित नहीं है, उत्तर प्रदेश अब अपराध प्रदेश बन गया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने गुरुवार को यहां कब्बाखेड़ा स्थित आलमबाग रिसार्ट में पत्रकारों से कहा कि प्रदेश की सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था लेकिन न नौकरी दे पाये और न ही सुरक्षा। प्रदेश में हत्या, दुष्कर्म थमने का नाम नही ले रहा है। सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह से फेल है। युवा बेहाल, किसान परेशान है। भाजपा शासन में उत्तर प्रदेश अब अपराध प्रदेश बन गया है।

उन्होनें बांगरमऊ उपचुनाव में कांग्रेस की प्रत्याशी आरती बाजपेई के लिए वोट मांगा। उन्होंने कहा सभी को पता ही होगा यहां उपचुनाव क्यों हो रहा है। हमने तो महिलाओं को सम्मान देने के इरादे से ही महिला को प्रत्याशी बनाया है। प्रदेश में नौबत यह है रोज एक नया अपराध घटित होता है। बहु बेटियां असुरक्षित है। जिन मामलों में जिम्मेदारी लेनी होती है, वहां न प्रधानमंत्री बोलते है और न ही मुख्यमंत्री।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि फिर चुनाव के वक्त नए वादों के साथ आ जाते है। वादे पूरे नहीं होते है। फिर कहा इसी के चलते आज बिहार चुनाव में तेजस्वी और महागठबंधन की आंधी आई हुई है। उन्होंने कहा बांगरमऊ के उपचुनाव से भी एक संदेश निकलेगा यहां के चुनाव का फैसला जनता का निर्णय पूरे देश मे माहौल बनाएगा। यहां का फैसला बतायेगा जनता क्या सोंच रही है। लोगों की विचारधारा क्या है। विचारधारा बदल रही है या नहीं।

उन्होंने कहा कि सूचना मिली है उपचुनाव यूपी पुलिस की देखरेख में हो रहा है। जिसे लेकर विपक्ष का मानना है यूपी पुलिस के चलते निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं होंगे और धांधली की संभावनाएं होगी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने चुनाव आयोग से मांग की है कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की निगरानी में चुनाव कराए जाय। मायावती को भाजपा की बी टीम बताते हुवे कहा पहले से ही शक रहता था, लेकिन अब तो बहन मायावती द्वारा भाजपा को दिया गया समर्थन और भाजपा द्वारा राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी न उतारना एक दूसरे के प्रति मिलीभगत दर्शाता है। लॉकडाउन को लेकर भी आरोप लगाया बिना तैयारी के लॉकडाउन लगाया गया था जिसके चलते लाखों मजदूर सड़कों पर आ गए थे। त्राहि-त्राहि मची थी बिना तैयारी के काम करना इनकी आदत में है।

जिले की पूर्व सांसद अन्नू टंडन के एन उपचुनाव के समय पार्टी छोड़ने को लेकर किये गए सवाल पर शुक्ला ने कहा इस्तीफे से बांगरमऊ चुनाव पर कोई असर नही पडे़गा। बल्कि प्रत्याशी और मजबूती से चुनाव लड़ेंगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के केन्द्रीय नेतृत्व ने अन्नू टंडन को बहुत सम्मान दिया है। चुनाव से कुछ पहले पार्टी छोड़ना उनका व्यक्तिगत निर्णय हो सकता है। लेकिन उन्हें सोंचना जरूर चाहिए कि कितना उचित निर्णय लिया है।

वार्ता

Next Story
epmty
epmty
Top