मोदी के यह मंत्री लड़ेंगे अखिलेश के खिलाफ-किया पर्चा दाखिल

मोदी के यह मंत्री लड़ेंगे अखिलेश के खिलाफ-किया पर्चा दाखिल

मैनपुरी। केंद्रीय राज्य मंत्री को भारतीय जनता पार्टी की ओर से करहल विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाते हुए समाजवादी पार्टी के मुखिया के खिलाफ इलेक्शन लड़ने के लिए मैदान में उतारा गया है। सपा मुखिया के बाद भाजपा प्रत्याशी ने भी अपना नामांकन कराया है।

सोमवार को केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में उत्तर प्रदेश की करहल विधानसभा सीट से रिटर्निंग ऑफिसर के सामने अपना पर्चा दाखिल किया है। केंद्रीय राज्य मंत्री अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। उल्लेखनीय है कि आज ही करहल विधानसभा सीट से सपा मुखिया अखिलेश यादव ने अपना नामांकन दाखिल किया है। सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के भटपुरा के मूल निवासी है। उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर के रूप में तैनात रह चुके प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल वर्ष 1989 में मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी सुरक्षा में शामिल हो गए थे। प्रोफेसर एसपी बघेल से प्रभावित हुए मुलायम सिंह यादव ने उनको जलेसर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में वर्ष 1998 में पहली बार राजनीति की पिच पर उतारा था। एसपी सिंह बघेल ने अपने पहले ही चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके बाद वह लगातार दो बार सांसद चुने गए। वर्ष 2010 के दौरान बहुजन समाज पार्टी की ओर से उन्हें राज्यसभा में भेजा गया था और राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी भी सौंपी थी।

Next Story
epmty
epmty
Top