दस माह के भीतर ही जनता के बीच सरकार के प्रति इतना रोष- बिंदल

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा हिमाचल प्रदेश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने अभी 10 माह का समय पूरा हुआ है और 10 माह के भीतर ही जनता के बीच सरकार के प्रति इतना रोष है। यह रोष शिमला में आए हजारों कार्यकर्ताओं के चेहरों से साफ झलक रहा है और इससे पता चलता है कि कांग्रेस की सरकार अब जल्द ही सत्ता से दूर होने वाली है। कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले कहा था कि जैसे ही वह सत्ता में आएंगे तो प्रदेश की 22 लाख बहनों को हर महीने 1500 रुपए की राशि जारी की जाएगी।
कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह पर बरसते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि वह जब लाहौल स्पीति के स्पीति घाटी दौरे पर गए थे। तो उसे दौरान उन्होंने स्पीति घाटी की हर महिला को 1500 रुपए देने की बात कही थी और उनके सभी विधायकों व मंत्रियों ने प्रदेश में यह शोर मचा दिया कि हमने अपनी गारंटी पूरी कर दी। लेकिन सच्चाई यह है कि प्रदेश के अन्य इलाकों में किसी भी महिला को यह राशि अभी तक नहीं मिल पाई है और कांग्रेस सरकार पर हर महिला का साढ़े 13 हजार रुपए का कर्ज भी चढ़ गया है। अब प्रदेश की महिलाएं भी कांग्रेस सरकार से मांग कर रही हैं कि साडा हक एथे रख यह गारंटी उनकी कब पूरी होगी।
डा. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कहा था कि पहली ही कैबिनेट में प्रदेश में एक लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी। लेकिन आज कई कैबिनेट की बैठक हो गई और युवा आज भी बेरोजगार सड़कों पर घूम रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस सरकार ने युवाओं के साथ ठगी की ओर रोजगार के नाम पर उनका शोषण भी किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में अब कानून व्यवस्था भी बुरी तरह से चरमरा गई है। बीते महीनों चंबा में एक दलित युवक की हत्या कर दी गई और उसके टुकड़े कर खड्ड में फेंक दिए गए। लेकिन कांग्रेस सरकार के मुखिया सुखविंदर सिंह आज तक उस पीड़ित परिवार से मिलने के लिए चंबा भी नहीं पहुंचे हैं। हिमाचल प्रदेश में आज ऐसा कोई भी जिला नहीं है। जहां पर महिलाओं के साथ अपराध के मामले ना बढ़े हो। इससे बड़ी शर्मनाक बात कांग्रेस सरकार के लिए और क्या हो सकती है कि वह प्रदेश में मातृ शक्ति को भी सुरक्षा प्रदान नहीं करवा पा रहे हैं।
डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने मणिपुर मामले में तो खूब शोर मचाया। लेकिन उनके अपने गृह जिला में ही एक महिला के बाल काटे गए और उसका मुंह काला कर उसे पूरे इलाके में घुमाया गया। इससे बड़ी शर्मनाक घटना और क्या हो सकती है। अब तो उनका गृह जिला हमीरपुर ही मणिपुर बन गया। ऐसे में सरकार के द्वारा क्या कार्रवाई की गई। ताकि प्रदेश में माताएं बहने सुरक्षित रह सके।
डॉ बिंदल ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने डीजल के दाम सात रुपए घटाए थे। लेकिन कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही डीजल के दाम बढ़ा दिए। आज प्रदेश के डिपो में गरीबों को राशन महंगा मिल रहा है और बिजली के दाम में भी अब बढ़ोतरी कर दी गई है। कांग्रेस सरकार अब हर चीज पर टैक्स लग रही है और आने वाले समय में नारे लगाने पर भी कांग्रेस की सरकार टैक्स लगा सकती है। पीने के पानी पर भी सरकार टैक्स लगा सकती है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जब प्राकृतिक आपदा आई तो उस दौरान भी सरकार से ज्यादा काम भाजपा के द्वारा किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा कुल्लू, मंडी, शिमला का दौरा कर पीड़ितों का दुख दर्द बांटते रहे और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी तुरंत राहत राशि जारी कर विकास कार्य में अपना सबसे अहम योगदान दिया है। ऐसे में अब कांग्रेस सरकार अपनी नाकामियों का ठीकरा भाजपा पर फोड़ रही है। क्योंकि उनसे खुद धरातल पर कोई काम नहीं हो पा रहा है। कांग्रेस के नेता आए दिन यह बयान दे रहे हैं कि भाजपा कुछ नहीं कर रही है। उन्हें इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि प्रदेश में सरकार कांग्रेस पार्टी की है और आम जनता को राहत देने की दिशा में भी कांग्रेस सरकार को काम करना चाहिए। प्राकृतिक आपदा से पीड़ित लोगों को सरकार ना तो राहत दे पा रही है और ना ही उन्हें दोबारा घर बनाने के लिए जमीन उपलब्ध करवा पा रही है।
डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि अगर कांग्रेस के नेताओं से सरकार नहीं संभालती है। तो वह उसे तुरंत छोड़ दें और भाजपा उन्हें प्रदेश में सरकार का सही संचालन करके बताएगी।