प्रियंका पहुंची पसगंवा-चुनावी हिंसा की शिकार महिलाओं से की मुलाकात

प्रियंका पहुंची पसगंवा-चुनावी हिंसा की शिकार महिलाओं से की मुलाकात

लखीमपुर खीरी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखीमपुर खीरी के पसगंवा पहुंचकर ब्लॉक प्रमुख चुनाव में हिंसा और उत्पीड़न का शिकार हुई ऋतु सिंह एवं अनिता यादव से मुलाकात करते हुए उनके दर्द को जाना। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की योगी सरकार में अराजकता की अति हो गई है। पुलिस और प्रशासन के उत्पीड़न का शिकार हुई महिलाएं अब विधानसभा चुनाव में घमंडी भाजपा को सबक सिखायेंगी।




शनिवार को उत्तर प्रदेश के तीन दिनी प्रवास पर आई कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ब्लॉक प्रमुख चुनाव में हुए पसगंवा कांड में भाजपा कार्यकर्ताओं की हिंसा का शिकार हुई पीड़िताओं से मिलने के लिए मैगलगंज पहुंची। लखीमपुर खीरी से मैगलगंज तक के लगभग 4 किलोमीटर के रास्ते पर हाईवे पर पहले से खड़े कांग्रेस जिला अध्यक्ष समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके ऊपर फूल बरसाते हुए गर्मजोशी के साथ अपने नेता का स्वागत किया। सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ प्रियंका गांधी सेमरी घाट फार्म हाउस की ओर रवाना होने के बाद पीड़िता सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष क्रांति सिंह के घर पहुंची और वहां पहुंचकर ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओें की हिंसा और उत्पीड़न का शिकार हुई ऋतु सिंह एवं अनिता यादव से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस नेता ने हिंसा और उत्पीड़न का शिकार हुई दोनों महिलाओं से बातचीत कर उनका दर्द जाना। इस मौके पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि केंद्र और उत्तर प्रदेश की मोदी व योगी सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह से विफल रही है। पंचायत चुनाव में लोकतांत्रिक व्यवस्था का खुला मखौल उड़ाते हुए विपक्षी प्रत्याशियों के नामांकन मिलीभगत के तहत रद्द किए गए। उन्होंने कहा कि क्या विपक्ष के प्रत्याशी ही अनपढ़ और राजनीति के जानकार नहीं है। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुख तक की पूरी पंचायत चुनाव प्रक्रिया के दौरान सत्ताधारी दल के किसी भी प्रत्याशी का प्रदेश भर में कहीं भी नामांकन रद्द नहीं किया गया है। जबकि विपक्षी प्रत्याशियों के पर्चे रद्द करते हुए भाजपा प्रत्याशियों को प्रशासन की ओर से निर्विरोध जीत दिलाने का काम किया गया है। जहां पर प्रशासन विपक्ष के प्रत्याशियों के पर्चे रद्द करने का साहस नहीं जुटा सका है। वहां पर लखीमपुर खीरी के पसगंवा ब्लॉक जैसे कांड अंजाम दिए गए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरी हुई मानसिकता देखिए कि चुनाव जीतने की चाहत में महिलाओं का चीर हरण करने तक से वह नहीं चुके हैं। चुनावी हिंसा और उत्पीड़न का शिकार हुई ऋतु सिंह और अनीता यादव जैसी महिलाओं के साथ कांग्रेस डटकर खड़ी हुई है। उन्होंने कहा है कि भाजपाईयों की हिंसा और उत्पीड़न का शिकार हुई यही महिलाएं अब घमंडी भाजपा को विधानसभा चुनाव में सबक सिखाएंगी।

Next Story
epmty
epmty
Top