एमएलए अतुल प्रधान गिरफ्तार- हाथ पैर पकड़कर ले गई पुलिस- हंगामा

एमएलए अतुल प्रधान गिरफ्तार- हाथ पैर पकड़कर ले गई पुलिस- हंगामा

मेरठ। राजधानी के जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रही महिला पहलवानों के समर्थन में पुलिस को चकमा देकर जा रहे सपा एमएलए अतुल प्रधान को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। पार्टी की टोपी से सुसज्जित सपा एमएलए को पुलिस के अफसरों एवं कर्मचारियों ने हाथ पैर पकड़ कर हवा में लटकाया और अपनी गाड़ी में डालकर ले गई। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ जमकर धक्का-मुक्की भी हुई।

रविवार को मेरठ जनपद की सरधना विधानसभा सीट के विधायक अतुल प्रधान को उस समय पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया जब वह पुलिस को चकमा देकर राजधानी दिल्ली में जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रही महिला पहलवानों के समर्थन में जाने के लिए दिल्ली निकले थे। पुलिस के अफसरों को जैसे ही सपा एमएलए के चकमा देकर राजधानी दिल्ली जाने की जानकारी मिली तो फोर्स को साथ लेकर दौड़े पुलिस अफसरों ने घेराबंदी कर सपा एमएलए को अपने कब्जे में ले लिया।

हिरासत में लिए जाने को लेकर सपा एमएलए अतुल प्रधान की पुलिस के साथ काफी देर तक जोर आजमाइश भी हुई। सपा एमएलए पुलिस की पकड़ से बचने को जद्दोजहद करते रहे, जबकि पुलिस के अफसरों एवं कर्मचारियों ने सपा एमएलए के हाथ पैर पकड़े और उन्हें हवा में लहराते हुए काफी दूर खड़ी गाड़ी में ले जाकर डाल दिया। सपा एमएलए को हिरासत में लिए जाने को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। मौके पर काफी देर तक हंगामा मचा रहा। लेकिन अंत में पुलिस सपा एमएलए एवं कार्यकर्ताओं पर भारी पड़ी।

इससे पहले सपा एमएलए को शनिवार की रात्रि पुलिस ने उनके मकान को छावनी बनाते हुए उन्हें घर में ही नजरबंद कर दिया था। सपा एमएलए अतुल प्रधान ने कहा है कि वह महिला पहलवानों के समर्थन में दिल्ली जा रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें रात से घर में नजरबंद कर रखा था। उधर सपा एमएलए की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अफसरों ने कहा है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सपा एमएलए अतुल प्रधान को उनके घर के भीतर नजरबंद किया गया था। लेकिन समाजवादी पार्टी के विधायक जबरिया अपने घर से निकलकर दिल्ली जा रहे थे, जिससे माहौल बिगड़ सकता था। इसी बात को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी के एमएलए अतुल प्रधान समेत तकरीबन 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

epmty
epmty
Top