नौकरी है नहीं, ऊपर से महंगाई की मार- लल्लू

नौकरी है नहीं, ऊपर से महंगाई की मार- लल्लू

बिजनौर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि सरकार जबरन किसानों को कुचलने का कुचक्र चला रही है। जहां देखो, वहीं निराशा का माहौल दिखाई देता है। प्रत्येक वर्ग बीजेपी सरकार के कार्यकाल में परेशान है। किसान, मजदूर, गरीब, व्यापारी सभी आर्थिक तंगी के कारण जूझ रहे हैं। कहीं भी नौकरी नहीं है। ऊपर से महंगाई ने नागरिकों का जीना मुहाल कर रखा है।


उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक अजय कुमार लल्लू आज बिजनौर के मुगल गार्डन में पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। अजय कुमार लल्लू ने संगठन के विस्तार को लेकर गहनता से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने किसानों के चल रहे आंदोलन को लेकर बड़ी बात की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को किस तरह से कुचलने का प्रयास कर रही है, यह पूरा देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है। किसानों का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।


वहीं उन्होंने मध्यम वर्ग की समस्याओं को लेकर सरकार पर जमकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि नौजवान नौकरियों की राह देख रहा है, लेकिन कहीं भी नौकरी नहीं है। आखिर नवयुवक कहां जायें, किससे गुहार लगाएं। नौजवानों का कोई रास्ता नहीं दिखाई दे रहा है। मध्यम वर्ग महंगाई की मार झेल रहा है। व्यापार धंधे चौपट पड़े हुए हैं। आम आदमी की हालत पूरी तरह से खस्ता हो चुकी है। हर ओर निराशा का माहौल है। उन्होंने कहा कि निकम्मी व्यवस्था को बदलना होगा। इसके लिए उन्होंने युवाओं से आगे आने का आह्वान किया।



epmty
epmty
Top