हरभजन सिंह ईटीओ लोकसभा क्षेत्र करनाल के प्रभारी नियुक्त

हरभजन सिंह ईटीओ लोकसभा क्षेत्र करनाल के प्रभारी नियुक्त

अमृतसर। आम आदमी पार्टी (आप) ने आगामी लोकसभा और हरियाणा विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पंजाब के बिजली एवं लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ को हरियाणा के करनाल लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया है।

सिंह ने मंगलवार को बताया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आप की तैयारियां जोरों पर हैं और विभिन्न मंत्रियों और वरिष्ठ आप नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारियां दी गई हैं। उन्होंने बताया कि वह पार्टी के एक विनम्र सिपाही हैं और पार्टी जब भी और जहां भी उन्हें ड्यूटी सौंपेगी, वह पूरी निष्ठा और कड़ी मेहनत के साथ अपना कर्तव्य निभाएंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पार्टी बड़ी जीत के साथ हरियाणा में सरकार बनाएगी।

उल्लेखनीय है कि 2016 में उत्पाद शुल्क और कराधान अधिकारी (ईटीओ) के पद से इस्तीफा देने के बाद आप में शामिल हुए। सिंह ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान जंडियाला गुरु निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार को बड़े अंतर से हराया था। हाल ही में हुए जालंधर लोकसभा उपचुनाव के दौरान पार्टी ने सिंह को करतारपुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रभारी भी नियुक्त किया था। उन्होंने पार्टी की करतारपुर इकाई को एकजुट किया और करतारपुर निर्वाचन क्षेत्र से अधिकतम वोट प्राप्त करके सुशील कुमार रिंकू की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब आप ने उन्हें करनाल का प्रभारी नियुक्त कर एक और बड़ी जिम्मेदारी दी है, क्योंकि यह मुख्यमंत्री मनोहर लाल का निर्वाचन क्षेत्र भी है।

epmty
epmty
Top