कांग्रेस पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री पारियो

ईटानगर। चुनावी राज्य अरुणाचल प्रदेश में एक नए राजनीतिक घटनाक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री तकम पारियो ने शुक्रवार को पार्टी और उसके टिकट को त्याग दिया और अपने समर्थकों के साथभारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही कांग्रेस ने क्रदा दादी जिले में पॉलिन विधानसभा सीट के लिए पारियो की उम्मीदवारी की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और श्री जेपी नड्डा के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार के "अच्छे काम" की सराहना करते हुए, और मुख्यमंत्री पेमा खांडू तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बियूराम वाहगे के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करते हुए पारियो ने कहा कि वह अपने क्षेत्र पॉलिन में विकास को बढ़ावा देने के लिए भाजपा में शामिल हुए हैं।
उन्होंने मीडिया को बताया कि उन्होंने यह निर्णय "प्रधानमंत्री मोदी और नड्डा के नेतृत्व वाली भाजपा पार्टी को मजबूत करने" और पॉलिन निर्वाचन क्षेत्र के "विकास के लिए" भाजपा उम्मीदवार बालो राजा का समर्थन करने के लिए लिया, जिन्होंने 2014 के विधानसभा चुनावों के दौरान उनका समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि वह "बिना किसी दबाव के" भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रमुख विपक्ष होने के बावजूद, कांग्रेस नेता अपनी भूमिका का सही तरीके से निर्वहन नहीं करते हैं। ऐसी खराब स्थिति में, कांग्रेस में बने रहने का कोई तर्क नहीं है, और पार्टी में कोई भविष्य नहीं है।
उन्होंने कहा, “जब लोग खुश हैं और सत्तारूढ़ दल के साथ हैं, तो भाजपा और (बालो) राजा को समर्थन देने में क्या समस्या है।”